
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर/ दिल्ली पब्लिक स्कूल मुक्तापुर के छात्रों ने सीबीएसई की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस बाबत जानकारी देते हुए स्कूल के मीडिया प्रबंधक मो सर्फे ने बताया कि इस वर्ष कुल 59 छात्रों ने इस परीक्षा में भाग लिया था। जिनमे से 47 छात्रों ने प्रथम तथा 12 छात्रों ने द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्णता हासिल की है।
इस तरह विद्यालय का समग्र परिणाम 100% रहा, जो उत्कृष्टता प्रतीक है। विद्यालय के टॉपर्स में शामिल एक छात्र, निहीर कुमार, जिन्होंने 94% अंक प्राप्त किए हैं। निहित ने अपने सफलता का श्रेय स्कूल के मार्गदर्शन, शिक्षकों स्नेहिल सहयोग और अपने परिवार के समर्थन को दिया है।
इस अवसर पर बच्चों ने कहा, कि हमारे शिक्षकों ने हमें हर कदम पर प्रोत्साहित किया और पढ़ाई को रोचक बनाया। मैं इस परिणाम से बहुत खुश हूं।
परीक्षा परिणाम की घोषणा के बाद आयोजित एक विशेष सभा में प्राचार्य जी. एन. झा ने कहा, हमारे छात्रों ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। विद्यालय के शिक्षकों की विद्यालय के शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति समर्पण, प्रतिबद्धता और उनके मेहनत ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि हमारे छात्रों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से यह शानदार परिणाम हासिल किया है। यह न केवल उनके प्रतिभा की उपलब्धि है, बल्कि हमारे श्रमशील व विशेषज्ञ शिक्षकों और सम्मानित अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का भी परिणाम है।
उन्होंने बताया कि स्कूल ने इस वर्ष डिजिटल लर्निंग और प्रैक्टिकल आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया, जिसका सकारात्मक प्रभाव परीक्षा परिणामों में देखने को मिला।
मैनेजिंग डायरेक्टर मो. राशिद ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा, हमारे स्कूल का प्रत्येक छात्र और शिक्षक इस सफलता का भागीदार है। हम भविष्य में भी ऐसी उपलब्धियों को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
वहीं डायरेक्टर मो. अनवर ने इस अवसर पर कहा, “हमारा उद्देश्य न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है, बल्कि छात्रों को समग्र विकास के लिए प्रेरित करना भी है। यह परीक्षा परिणाम हमारी इस प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
सीबीएसई की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणामों की घोषणा के बाद, स्कूल परिसर में उत्साह का माहौल है। अभिभावकों और छात्रों ने स्कूल प्रबंधन की सराहना की, जिन्होंने कठिन समय में भी ऑनलाइन और ऑफलाइन शिक्षण के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की।