
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । सेवा परमो धर्मः एवं अहर्निशं सेवा महे के सिद्धांत को मैं न केवल शब्दों में, बल्कि अपने कर्मो में भी साकार करना चाहता हूं। मैं समस्तीपुर की मिट्टी में जन्मा हूं, यही मेरी पहचान है, और अपने लोगों की सेवा करना ही मेरे जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य है।
श्री राम चंद्र सेवा ट्रस्ट द्वारा समस्तीपुर जिला के अंतर्गत लगुनियाँ गांव में वार्ड संख्या 46 के पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर के दौरान रामचन्द्र अस्पताल के प्रबंध निदेशक सह मुख्य चिकित्सक डाॅ मनोज कुमार सिंह ने उक्त बातें अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर का बेटा होने के नाते यह मेरा कर्तव्य है कि मैं अपने लोगों का इलाज करूं, उनकी सहायता करूं और उनके दुखों को कम करूं।
बताते चलें कि शनिवार को जिले के लगुनियाँ वार्ड 46 के पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर में सैकड़ों वृद्धजनों, महिलाओं और बच्चों ने निःशुल्क चिकित्सा परामर्श और सेवाओं का लाभ उठाया। इस शिविर में नैरोपैथी जांच, मधुमेह, रक्तचाप, बोन मास डेंसिटी जांच, ब्लड टेस्ट, के साथ जरूरतमंदों के बीच आर्थराइटिस किट/दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया।
शिविर का नेतृत्व करते हुए ट्रस्ट के संस्थापक और समस्तीपुर के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि मैं केवल एक चिकित्सक ही नहीं, बल्कि समस्तीपुर का बेटा भी हूं। जब आप सभी मेरे पास उपचार के लिए आते हैं, तो मुझे ऐसा लगता है जैसे मैं अपने परिवार के किसी सदस्य की सेवा कर रहा हूं।
इस शिविर में डॉ. सिंह के साथ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा शिखा, डॉ. कुमार देवाशीष और उनकी चिकित्सा टीम के सभी सदस्य भी उपस्थित रहे। शिविर में वार्ड सदस्य बब्बन चैधरी, राम कुमार सिंह, सुजीत कुमार सिंह और मनोज कुमार सिंह समेत कई स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।