
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
विद्यापतिनगर । प्रखंड क्षेत्र के बाजिदपुर पंचायत अंतर्गत आधा दर्जन स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। बता दें कि मुखिया मुकेश कुमार के मौजूदगी में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रंजीत कुमार द्वारा क्षेत्र के स्कूलों में पदस्थापित में शिक्षकों के अनियमित रूप से मनमाने समय पर विद्यालय आने और छोड़ने की शिकायतों पर इन दिनों लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। जैसे ही औचक निरीक्षण की जानकारी शिक्षकों को मिली देखते ही देखते शिक्षकों के बीच हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के क्रम में प्राथमिक विद्यालय हिरामन टोल, भुईया स्थान, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बोचहा ग्वाल टोल, राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बाजिदपुर, प्राथमिक विद्यालय कष्टहारा मुसहर टोल, मध्य विद्यालय बमौरा, राजकीय मध्य विद्यालय चमथा माझिल खुट समेत कई अन्य विद्यालयों में गये। निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक विद्यालय में शिक्षण कार्य करते हुए पाए गए।
बीईओ ने स्कूलों में बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति की जांच की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूलों में सुधार के लिए कई सुझाव भी दिए। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय हिरामन टोल में जाते-जाते उन्होंने विद्यालय परिसर में शुद्ध पेयजल व शौचालय की साफ-सफाई पर असंतोष जताया और विशेष ध्यान देने को कहा।
इस क्रम में प्राथमिक विद्यालय हिरामन टोल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बोचहा ग्वाल टोल, विद्यालय में जहां बच्चे की कम उपस्थिति को देखकर वे भड़क गए और अविलंब छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढाने को लेकर प्रधानाध्यापक को आवश्यक निर्देश दिया। स्कूल परिसर में गंदगी देख उन्होंने तत्काल साफ-सफाई कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान हिरामन टोल में 250 में से 100 एवं ग्वाल टोल में 98 की जगह 50 ही बच्चे उपस्थित थे, यह देख बीईओ ने कहा कि स्कूल में कम से कम 70 प्रतिशत बच्चे होने चाहिए। वहीं अन्य विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लेते हुए अध्यापकों को और अधिक प्रयास के साथ बच्चों का शैक्षिक स्तर सुधारने के निर्देश दिए गए। प्रतिदिन अभिभावकों से संपर्क कर स्कूलों में अधिक से अधिक नामांकन कराने तथा शत प्रतिशत बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान बीईओ ने शिक्षकों को समय पर विद्यालय आने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं कुछ विद्यालयों में पठन-पाठन की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों को चेतावनी भी दी।
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए प्रभारी बीईओ रंजीत कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्वच्छता में कमी सहित कई प्रकार की गडबडियां पायी गई थी। सारी गडबडियों को दुरूस्त करने और दोबारा निरीक्षण के दौरान गंदगी या अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
बीईओ ने बताया कि ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे ताकि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जा सके। मौके पर मुखिया मुकेश कुमार, प्रधानाध्यापक चंदा प्रियदर्शी, अजीत कुमार, शकील अहमद, अभिमन्यु कुमार आदि मौजूद रहे।