
ओईनी न्यूज नेटवर्क। ।
ओईनी। पूसा के ओईनी बाजार में एक अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक संस्थान का होना अपने आप में गौरव की बात है। इस संस्थान के द्वारा विगत तीन वर्षों में अनेक प्रकार की सेवाएं संपन्न हुई हैं। अनेकों भाई-बहनों ने आकर यहां के राजयोग मेडिटेशन का लाभ लेकर जीवन को सात्विक, तनावमुक्त और मूल्यनिष्ठ बनाया है।
समस्तीपुर से पधारे ओम प्रकाश भाई ने ओईनी बाजार स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के पूसा सेवा केंद्र की तीसरी वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों से सेवाकेंद्र की तीसरी वर्षगांठ पर जीवन में तीन गांठें बांधने को कहा।
पहला- प्रतिदिन ब्रह्ममुहूर्त में उठकर परमात्मा पिता को याद कर उनसे शक्ति लेना, दूसरा- प्रतिदिन सेवाकेंद्र पर आकर ईश्वरीय ज्ञान का श्रवण करना और तीसरा- शुद्ध, शाकाहारी और परमात्मा की याद में बनाया गया भोजन ही ग्रहण करना।
उन्होंने कहा कि चौथी वर्षगांठ में प्रवेश करने से पहले विष्णु के चारों अलंकारों को जीवन में धारण करने का संकल्प लें। जिसमें ज्ञान शंख ध्वनि करना, स्व-दर्शन चक्र चलाना, दृढ़ता की गदा धारण करना और कमल पुष्प समान जीवन बनाना प्राथमिकता हो।
वहीं समस्तीपुर के आयकर एवं जीएसटी अधिवक्ता डीके सिंह ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि मुझे इस संस्थान में आकर बहुत शांति एवं अपनेपन का अनुभव होता है। तनाव पूर्ण जीवन के दौर में तनावमुक्त जीवन बनाने केलिए यह बहुत ही पवित्र स्थान है।
बताते चलें कि ओईनी बाजार स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के पूसा सेवा केंद्र की तीसरी वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ समारोह पूर्वक संपन्न हो गया। अतिथियों द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर समारोह के उद्घाटन किये जाने के बाद पूजा बहन ने सभी अतिथियों व श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा- आज मुझे बहुत खुशी हो रही है कि इस केन्द्र की सेवाओं के तीन सफल वर्ष पूरे हुए।
इस अवधि में यहां की अनेक आत्माओं ने परमात्मा से संबंध जोड़कर अपने भाग्य की ज्योति जगाई। यहां प्रतिदिन सुबह-शाम आध्यात्मिक कक्षाओं का आयोजन होता है, जिससे हमारी अध्यात्मिक चेतना जागृत होती है।
उन्होंने बताया की अनेक विद्यालयों में भी हमारे कार्यक्रम चल रहे हैं। यहां व्यसन मुक्ति के भी अनेक कार्यक्रम हुए, जिससे अनेक लोग व्यसनों से मुक्त हुए। यह आध्यात्मिक संस्थान दुःख-अशांति और चिंताओं में फंसे हुए लोगों को शांति की अनुभूति कराने के लिए सदा तत्पर रहता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नरेंद्र अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, प्रकाश मोदी, मनोज भाई, अमरेश भाई सहित दर्जनों भाई-बहन उपस्थित थे। इस अवसर पर तीन वर्षों में नियमित रूप से आने और हर गतिविधि में शामिल होने पर रीता अग्रवाल और राखी अग्रवाल को पूजा बहन ने सम्मानित किया।