
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
चित्रकूट (उप्र)। चित्रकूट एसपी अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर गठित एसटीएफ ने चित्रकूट से साइबर अपराधियों को सिम उपलब्ध कराने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर हरकत में आयी पुलिस ने शातिरों के आधे दर्जन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये साईबर अपराधियों को भारी मात्रा में एक्टिवेटेड सिम उपलब्ध कराते थे और देश के कोने कोने से इस सिम के माध्यम से भोले भाले लोगो को ठगी का शिकार बना चुके थे।
पुलिस सुत्रों के मुताबिक वोडाफोन-आइडिया कंपनी का एक अधिकृत डिस्टीब्यूटर अग्रहरि कम्युनिकेशन का मालिक ओमप्रकाश इस गिरोह का सरगना निकला।
गिरफ्तार अभियुक्तों में ओमप्रकाश अग्रहरि ( गैंग लीडर ), शिवदयाल निषाद, राहुल पांडेय, जितेंद्र कुमार, शिव बाबू, और सुरेन्द्र सिंह शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने भारी मात्रा में एक्टिवेटेड सिम बरामद किया है।
सुत्रों ने बताया कि जब आम आदमी, या सैलानी सिम कार्ड लेने इन लोगो के पास आता तो ये लोग आधार से बायोमेट्रिक करके 2 सिम कार्ड एक्टिवेट करते थे। जिसमें से एक ग्राहक को दे देते थे और दूसरा अपने पास रख लेते थे। इस तरह जब 500 सिम एकत्र हो जाते तब वे यह सिम साईबर अपराधियों को बेच देते थे।