
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । श्री खाटू श्याम बिहारी मंदिर का तीन दिवसीय 58वां वार्षिकोत्सव पूरे हर्षोल्लास के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में आरंभ हो गया। इसके साथ ही शहर का कण-कण खाटू श्याम बाबा की आराधना में लीन हो गया। इस क्रम सोमवार सुबह 10.30 बजे से आरंभ अखंड ज्योति पाठ देर शाम समाप्त हुआ। इस दौरान पाठ वाचिका कनिका खन्ना के नेतृत्व व निर्देशन में 71 श्रद्धालु महिलाएं पाठ में शामिल हुईं। एक ही रंग के परिधान में सजी महिलायें पूरे मंदिर परिसर में अद्भुत छटा बिखेड रही थी। पाठ के बीच बीच में कलाकारों की टीम ने खाटू श्याम की भक्ति पर आधारित मनोहारी नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

इस क्रम में कलाकारों ने ऐसा समां बांधा कि मंदिर में उपस्थित सभी महिला और पुरुष श्रद्धालु सम्मोहन की अवस्था में सुध बुध खोकर खाटू श्याम के भक्ति धुन संग झूमते रहे। पाठ के लिए बैठी महिलाओं के लिए समिति की ओर से फलाहार की विशेष व्यवस्था की गयी थी।

मीडिया प्रभारी भोला अग्रवाल ने बताया कि पाठ और फलाहार की व्यवस्था में राजेश अग्रवाल, जयप्रकाश अग्रवाल, भरत पालीवाल, अनिकेत अग्रवाल, अमन अग्रवाल, माधव संथालिया, कौशल अग्रवाल, रूपेश सोनी, महेंद्र केडिया, मनोज काबरा ने प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल को सुबह 7.30 बजे श्री श्याम निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर का भ्रमण करेगी।

