
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । भोला टाॅकिज गुमटी पर आरओबी निर्माण मामले में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। एक तरफ रविवार को सांसद ने धूमधाम से भूमिपूजन कर आरओबी निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया। वहीं संवेदक ने मंच से कार्यादेश मिलने के बाद निर्माण आरंभ करने की बात कह कर नये विवाद की जमीन तैयार कर दी।



निर्माण स्थल पर निर्माण सामग्री का उपलब्ध नहीं होने से संवेदक के बातों में सच्चाई दिखी। फिर क्या था, कानाफूसी शुरु हो गई। लोग मान बैठे कि यह कार्यारंभ का तामझाम फर्जी और दिखावटी है। भाकपा, राजद, सहित विभिन्न विपक्षी दल इस बिना पर सांसद पर जनता से फरेब करने का आरोप लगाते हुए माफी मांगने की मांग करने लगे।उसके बाद तो विभिन्न संचार माध्यमों व उपस्थित लोगों के जहन में एक सवाल तैरने लगा कि क्या सांसद ने जल्दबाजी में सस्ती लोकप्रियता केलिए भूमि पूजन तो नहीं कर दिया।



इसी बीच लोक जनशक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार सिंह उर्फ हीरा सिंह बचाव में आगे आये। संवाददाता से दूरभाष पर बातचीत के दौरान उन्होंने स्थिति साफ करते हुए तमाम आरोपों पर बर्फापात कर दिया।



श्री हीरा सिंह ने कहा कि संवेदक का कथन स्लिप ऑफ टंग था। उनको माईक पर बोलने का अभ्यास नहीं था। अचानक माईक देख कर वे हड़बड़ाहट में एग्रीमेंट की जगह वर्क आर्डर बोल गये। जिससे यह सारा हंगामा उत्पन्न हो गया है।


श्री सिंह ने बताया कि वर्क ऑर्डर के बाद एग्रीमेंट एक प्रक्रिया होती है। जो वर्क ऑर्डर मिलने के 30 दिनों के भीतर करना होता है। अभी करीब 15 दिन पहले बेगूसराय की कंपनी को वर्क ऑर्डर मिला है। एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। जिसे संवेदक कंपनी शीघ्र पूरा कर लेगी और काम शीघ्र आरंभ हो जायेगा। इसी बीच भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जायेगी।

