
ओईनी न्यूजनेटवर्क।
समस्तीपुर। कुसुम पाण्डेय स्मृति साहित्य संस्थान के तत्वावधान में केन्द्रीय विद्यालय समस्तीपुर के निकट स्थित कुसुम सदन के प्रांगण में रविवार को काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में दूर दूर से पधारे रचनाकार सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेश कुमार तथा संचालन प्रवीण कुमार चुन्नू ने किया। इस दौरान सुप्रसिद्ध रचनाकार राज कुमार राय राजेश मुख्य अतिथि के रूप में विराजमान रहे। इस अवसर पर पहले डॉ रामेश गौरीश ने उपस्थित साहित्यसेवियों का स्वागत किया।




तदुपरान्त संस्था के अध्यक्ष शिवेंद्र कुमार पाण्डेय ने मार्
महीने में उत्पन्न हिन्दी साहित्य के आधार स्तम्भ डॉ मदन मोहन पाण्डेय, फणीश्वर नाथ रेणु, मदन वात्स्यायन, महेंद्र मिश्र, महादेवी वर्मा, सच्चिदानन्द हीरानन्द वात्स्यायन अज्ञेय, भवानी प्रसाद मिश्र, डॉ मुरली धर श्रीवास्तव, डॉ शैलेन्द्र नाथ श्रीवास्तव, साहिर लुधियानवी के कृतित्व तथा व्यक्तित्व पर विशद् चर्चा करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।





इस दौरान प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के प्राणोत्सर्ग, होली की खुमार के साथ नये संवत्सर तथा नवरात्रि का सस्वर मधुर गायन, रोमांटिक गीत, भजन, गजल, हास्य व्यंग के साथ ही भोजपुरी, मैथिली बज्जिका की रचनाएं आकर्षण के केंद्र रहे। स्वागत सम्मान की औपचारिकता के बाद डॉ राम सूरत प्रियदर्शी के सरस्वती वंदना साथ काव्य गोष्ठी परवान चढा।



कार्यक्रम के दौरान नरेन्द्र कुमार सिंह त्यागी की नवीनतम कृति जद में जहान, निगाहों में आसमान तथा डॉ राम सूरत प्रियदर्शी की कृति सपनों का संसार का समवेत रुप से लोकार्पण किया गया। मौके पर राज कुमार राय राजेश, रामाश्रय राय राकेश, राज कुमार चौधरी, राम लखन यादव, शुभम कुमार, विष्णु कुमार केडिया, दीपक कुमार श्रीवास्तव, डॉ अशोक कुमार सिन्हा, डॉ परमानंद लाभ, आचार्य परमानंद प्रभाकर, स्मृति झा, ज्योति कुमारी आदि की रचनाएं खूब पसंद की गई। कुमारी शैलजा कनिष्ठा के धन्यवाद ज्ञापन से गोष्ठी का समापन किया गया।

