
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर / पूसा । डॉ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के विद्यापति सभागार में विवि के विभिन्न महाविद्यालयों के विभिन्न संकाय में नव नियुक्त सदस्यों के लिए इंडक्शन विषय पर आधारित गुरू दक्षता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वागत, सम्मान व कुलगीत प्रसारण की औपचारिकता के बाद जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं आगत अतिथि सहित कुलपति ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईसीएआर नई दिल्ली के उप महानिदेशक शिक्षा डॉ आरसी अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि वे शिक्षण के प्रति सहानुभूति के साथ दृष्टिकोण को अपनाएं और छात्रों को बड़े सपने देखने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत बनाने में शिक्षकों की भूमिका अहम होगी।
विशिष्ट अतिथि आरएयू पूसा के पूर्व कुलपति डॉ. आर.के. मित्तल ने नव नियुक्त संकाय सदस्यों को बधाई देते हुए विश्वविद्यालय को एक विश्व स्तरीय संस्थान बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
विवि के कुलपति डॉ. पुन्यव्रत सुविमलेंदु पांडेय ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में संकाय सदस्यों की नियुक्ति में अपनाईं गई कठोर चयन प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने प्रतिभाशाली दिमागों का चयन किया है, और गुरु दक्षता कार्यक्रम उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक अनुठी पहल है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में 22 राज्यों के 89 संकाय सदस्य शामिल हैं, जिसमें 39 महिलाएं हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. मृत्युंजय कुमार ने कहा कि गुरु दक्षता कार्यक्रम का उद्देश्य संकाय सदस्यों को उनके संबंधित क्षेत्रों में नवीनतम ज्ञान और कौशलयुक्त करना है। कार्यक्रम को फैकल्टी इंडक्शन कोर्स के निदेशक डॉ. रामदत्त ने भी संबोधित करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम छात्रों एवं कृषि क्षेत्र को बड़े पैमाने पर लाभान्वित करेगा।
इस कार्यक्रम में शैक्षणिक, अनुसंधान व उद्योग के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों द्वारा 87 व्याख्यान दिया जाएगा। जिसमें शिक्षा शास्त्र, अनुसंधान, बौद्धिक संपदा, कॉपीराइट, प्रशासन, वित्त सहित अन्य विषयों को शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन डॉ अंजनी कुमारी ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ ऋतंभरा ने किया।
मौके पर निदेशक प्रसार डॉ मयंक राय, निदेशक अनुसंधान डॉ ए के सिंह, निदेशक बीज डॉ डीके राय, डीन बेसिक साइंस डॉ अमरेश चंद्रा , डीन इंजीनियरिंग डॉक्टर राम सुरेश वर्मा, डीन कम्युनिटी साइंस डॉ उषा सिंह, निदेशक शिक्षा डॉ उमाकांत बेहरा, पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ राकेश मणि शर्मा, डॉ शिवपूजन सिंह अन्य शिक्षक वैज्ञानिक सहित नवनियुक्त संकाय सदस्य उपस्थित थे।