
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
पूसा। राज्यस्तरीय हड़ताल के तहत पूसा के अनुमंडलीय अस्पताल में आशा कार्यकर्ता एवं फैसिलिटेटरों ने ओपीडी बंद करके सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद आशा कार्यकर्ताओं ने पीएचसी के समक्ष भी प्रदर्शन किया।
इस दौरान आशा संघ की प्रखंड अध्यक्ष कल्पना सिन्हा की अध्यक्षता व प्रखंड सचिव उषा कुमारी के संचालन में सभा आयोजित की गई। इस दौरान आशा संघ के मुख्य संरक्षक भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार भी मौजूद थे।
इस हड़ताल के माध्यम से आशा कार्यकर्ताओं ने 2023 में आशा और आशा फैसिलिटेटर के साथ हुए समझौते को बढ़ी हुई राशि के साथ लागू करने, छह माह से लंबित मानदेय का भुगतान अविलंब करने, 2024 के भी सारे बकाया का भुगतान करते हुए पोर्टल व्यवस्था में सुधार करने, रिटायरमेंट की उम्र 65 वर्ष करने तथा 10 लाख का रिटायरमेंट पैकेज व आजीवन पेंशन देने, आशाओं को विभिन्न तरह के कामों के लिए जो प्रोत्साहन राशि मिलती है उसका पुनरीक्षण करने, आशा और आशा फैसिलिटेटर को स्वास्थ्य विभाग का कर्मी घोषित करने, आशा कार्यकर्ता और फैसिलिटेटर को 21 हजार रुपए न्यूनतम मासिक मानदेय की गारंटी करने की मांग की गई।
मौके पर अनुराधा कुमारी, शिव कुमारी, सुनिता कुमारी, संगीता कुमारी, मीरा कुमारी, शर्मिला कुमारी, निर्मला कुमारी आदि मौजूद थीं।