
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
पूसा । डॉ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के कुलपति डॉ पीएस पांडेय को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने किसानों को समर्पित भारत सरकार के विकसित कृषि संकल्प अभियान का पठारी क्षेत्र का क्षेत्रीय नोडल अधिकारी बनाया है। बताते चलें कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने देश भर में तीन क्षेत्रीय नोडल अधिकारी बनाया है जिसमें से पठारी क्षेत्र केलिए डॉ पांडेय को अधिकृत किया है। जिसमें उनके साथ कई राज्यों के नोडल अधिकारी मिलकर कार्य करेंगे।
भारत सरकार का यह अभियान को आगामी 29 मई से 12 जून तक चलेगा। इसके तहत वैज्ञानिकों की टीम गांव में जाकर किसानों से उनकी समस्याओं पर चर्चा करेगी। वहीं बिहार राज्य के स्टेट नोडल अधिकारी बामेति के निदेशक होंगे। इस कार्य के लिए डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में भी वैज्ञानिक की 33 टीम बनाई गई है। जिसमें विभिन्न विषयों के चार से पांच वैज्ञानिक होंगे।
इस बाबत मिल रही जानकारी के अनुसार हर टीम एक दिन में तीन गांव का दौरा करेगी। कुलपति डॉ पांडेय स्वयं बिहार के अतिरिक्त लगभग आठ अन्य राज्यों की कमान संभालेंगे और पर्यवेक्षण करेंगे कि वैज्ञानिकों की दल किसानों की समस्याओं का समाधान करे और उसके फीडबैक से क्षेत्रीय नोडल अधिकारी कार्यालय को अवगत कराये।
कई राज्यों में चलने वाले इस मेगा अभियान को लेकर कुलपति ने बैठकों का दौर शुरू कर दिया है और जानकारी के अनुसार विभिन्न वैज्ञानिकों को अलग अलग निर्देश दिए गए हैं। कुलपति डॉ पांडेय अन्य राज्यों के राज्य नोडल अधिकारी के भी लगातार संपर्क में हैं ताकि भारत सरकार के इस मेगा अभियान को अधिक से अधिक सफल बनाया जा सके।