
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर। जिले के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केन्द्र, बिरौली की सत्रहवीं एवं कृषि विज्ञान केन्द्र, लादा की पांचवीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक मंगलवार को कृषि विज्ञान केन्द्र, लादा के सभागार में आयोजित हुई। स्वागत सम्मान की औपचारिकता के बाद कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कुलपति डॉ. पीएस पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
तदुपरान्त केवीके, बिरौली एवं लादा के पिछले वर्ष के वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक के सुझावों एवं अनुपालन, प्रगति प्रतिवेदन तथा आगामी वर्ष की कार्य-योजना को क्रमशः डॉ. आरके तिवारी तथा डॉ. सुनिता कुशवाह के द्वारा प्रस्तुत किया गया।

इस बैठक में कुलपति डॉ. पाण्डेय ने सुझाव देते हुए कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र की पहुंच जिले के प्रत्येक पंचायतों तक होनी चाहिए ताकि कृषि की नवीनतम तकनीकों से अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।डॉ. पाण्डेय ने कहा कि छोटे एवं सीमांत किसानों केलिए छोटे-छोटे कृषि यंत्रों का ज्यादा से ज्यादा उपयोग को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। ताकि लागत के साथ-साथ समय एवं श्रम में भी कमी लाई जा सके।
उन्होंने कहा कि कुशल कारीगर एवं छोटे रोजगार करने वाले किसान एवं महिला किसानों को उद्योग स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया जाय। निदेशक अनुसंधान डॉ. एके सिंह ने विश्वविद्यालय द्वारा विकसित प्रजातियों एवं तकनिकों तथा भविष्य की शोध गतिविधियों से अवगत कराया। वहीं निदेशक प्रसार शिक्षा, डॉ. मयंक राय ने सभी केवीके के लिए कुछ बिंदुओ पर समान लक्ष्य निर्धारित करते हुए समग्र रुप से कार्य करने की बात कही।
जिला कृषि पदाधिकारी सुमित सौरभ ने धान की संकर बीज उत्पादन करने की आवश्यकता के बारे में बताया। सहायक निदेशक उद्यान प्रशांत कुमार ने मखाना उत्पादन हेतु जागरुकता अभियान की बात कही। सहायक निदेशक अभियंत्रण रिशु कुमार ने कस्टम हायरिंग सेंटर एवं यांत्रिकरण की योजना के बारे में चर्चा की। सहायक निदेशक रसायन अमित कुमार ने रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के संतुलित उपयोग हेतु किसानों को जागरूक करने की बात कही।
मौके पर डाॅ एस.आर. सिंह, डा के.के. सिंह, डॉ कमल शर्मा, डॉ एम. एल. मीणा, श्री पंकज सिंह, सुजित कुमार, सोनी कुमारी, रेखा देवी, कुमारी अभिलाषा, अनिल पासवान, डॉ धीरू कुमार तिवारी, ई. विनिता कश्यप, भारती उपाध्याय, सुमित कुमार सिंह, डॉ. इमती, ई. अभिषेक कुमार, वर्षा कुमारी, अभिलिप्सा कुमारी, निशा कुमारी इत्यादि उपस्थित रहे।
