
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
ओईनी। चुनाव की आहट पाते ही क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर लोगों का दर्द छलकने लगा है। लोग समस्याओं को लेकर मुखर होने लगे हैं। इसी कड़ी में पूसा प्रखंड स्थित खुदीराम बोस पूसा रेलवे स्टेशन से पूरब की ओर मिथिलांचल को वैशाली व पटना से जोड़ने वाले पूसा-ताजपुर-महुआ-पटना पथ पर अवस्थित समपार संख्या 66 एसपीएल के अक्सर बंद रहने का दर्द छलक उठा है।
यह एक बड़ी और पुरानी समस्या है, जिससे क्षेत्र के लोग वर्षों से त्रस्त हैं। यह फाटक हर दसवें पंद्रहवें मिनट पर 15 से 20 मिनट, कभी कभी 30-30 मिनट तक बंद रहता है। जिससे अक्सर फाटक के दोनो ओर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है।
कई बार तो दोनो तरफ छोटी बड़ी गाडियों की एक किलोमीटर से भी लंबी कतार लग जाती है। जिससे केवल स्थानीय लोग ही नहीं दरभंगा और पटना जाने वाले लोगों, नौकरी करने वाले लोगों, छात्र-छात्राओं व मरीजों सहित इस रास्ते से गुजरने वाले सभी लोगों के लिए एक बड़ी समस्या है। इस जाम कई बार एम्बुलेंस, पुलिस वाहन, डाॅक्टर के वाहन, अग्निशमन वाहन भी गंतव्य तक समय से नहीं पहुंच पाते हैं।
इस समस्या को लेकर समय-समय पर आवाज उठती रही है। जीएम, डीआरएम सहित तमाम रेल के अधिकारियों, स्थानीय सांसद, विधायक आदि के समक्ष भी स्थानीय लोग गुहार लगा चुके हैं। मगर परिणाम शुन्य रहा है।
रेलवे के पदाधिकारियों की मानें तो इस फाटक का नंबर 66 बी से प्रोन्नत कर 66 एसपीएल कर दिया गया है। इसका अर्थ है कि इस फाटक को विशेष दर्जा दिया गया है जिस पर आरओबी निर्माण विभाग के वरियता सूची में दर्ज है।
आसन्न चुनाव के मद्देनजर इस समस्या को लेकर क्षेत्र के युवा अब निर्णायक संघर्ष के मूड में दिख रहे हैं। इस कड़ी में समाज सेवी चिकित्सक डाॅ नीरज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में युवाओं ने अलग-अलग पंचायतों में टीम बना कर हस्ताक्षर अभियान चलाते हुए लोगों को जागरूक करना आरंभ कर दिया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए श्री मिश्रा ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान के बाद इसकी प्रतियां विधायक सांसद सहित सभी सक्षम पदाधिकारी व प्राधिकार को भेजा जायेगा। कोई सकारात्मक पहल नहीं होने पर प्रखंड में वोट के वहिष्कार की मुहिम “आरओबी नहीं तो वोट नहीं” छेड़ी जायगी।
इस अभियान में ओईनी बाजार से राजीव कुमार, अविनाश कुमार, दीपक कुमार, ओईनी ग्रामीण से राहुल कुमार पासवान, पप्पू कुमार, राज कुमार, पिंटू कुमार, मिथिलेश कुमार, गोपालपुर से, दिलीप मिश्रा, विकास मिश्रा, राहुल मिश्रा, कुबौलीराम से सीताराम, उमेश कुमार, रोशन कुमार, अभिषेक कुमार, मदन कुमार, मोनू कुमार, मुकेश कुमार आदि शामिल हैं।