
ओईनी न्यूजनेटवर्क।
अरुण प्रसाद।
दलसिंहसराय। केंद्र और राज्य की सरकार तकनीकी योग्यता रखने वाले युवक युवतियों को रोजगार देने के लिए संकल्पित है। इसके लिए कई योजनाएं एवं कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। श्रम संसाधन विभाग अंतर्गत समस्तीपुर जिला नियोजनालय द्वारा एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का उद्घाटन करते हुए रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह रास सांसद उपेन्द्र कुशवाहा ने उक्त बातें की।
उन्होंने कहा कि युवओं व मजदूरों के लिए कई योजनाएं सरकार द्वारा संचालित हैं। जिसकी जानकारी रोजगार मेलों के माध्यम से दी जा रही है। बताते चलें कि शुक्रवार को आरबी कॉलेज के मैदान में आयोजित इस मेले का राज्य सभा सदस्य सह राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, रालोमो प्रदेश महासचिव प्रशांत कुमार पंकज एवं मंचस्थ अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रालोमो नेता प्रशांत पंकज ने कहा कि सरकार की रोजगार एवं स्व रोजगार संबंधित योजनाओं की जानकारी आम लोगों खासकर विद्यार्थी वर्ग को मिल सके इसके लिए श्रम विभाग के माध्यम से इस मेले का आयोजन किया जाता है। इस मेले में बेरोजगार युवाओं को रोजगार भी मिल सकेगा।
इस मेला में निजी कंपनियों समेत बिहार सरकार के विभिन्न विभागों से कुल 34 स्टॉल लगाए गए। जहाँ युवक युवतियों का एनसीएस रजिस्ट्रेशन किया गया। साथ ही स्वरोजगार हेतु टूल किट स्किम एवं स्टडी किट स्किम की जानकारी दी गयी।
इस दौरान अलग अलग संस्थाओं में कुल 794 पदों पर रिक्तियों के लिए आवेदकों की काउंसलिंग की गई। इस क्रम में कुशल युवा कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही श्रम विभाग के कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन नीरज कुमार सिंह ने एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला नियोजन पदाधिकारी सुमित कुमार सिंह के द्वारा किया गया। मौके पर नियोजन उपनिदेशक दरभंगा आशीष आनंद, जिला उद्योग महाप्रबंधक विवेक कुमार शर्मा, जिला मत्स्य पदाधिकारी मो. नियाजुद्दीन, जिला कौशल प्रबंधक संतोष कुमार, विनोद सिंह, मनीष, नोडल सह प्राचार्य समस्तीपुर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान राजीव रंजन, सहित सैकडो लोग व युवा उपस्थित थे।
