
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । राज्य योजना के मत्स्य प्रसार योजना अंतर्गत सोमवार को प्रशिक्षण सह प्रत्यक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दरभंगा परिक्षेत्र, दरभंगा के उप-मत्स्य निदेशक कुमार विमल प्रसाद द्वारा किया गया।




जिला मत्स्य कार्यालय, समस्तीपुर द्वारा आयोजित कार्यकम में श्री प्रसाद ने कहा कि मौजूदा दौर में मछली पालकों को मछली पालन की नई तकनीक अपनाने और उच्च गुणवत्तापूर्ण अंगुलिका चयन पर ध्यान देने की नितांत आवश्यकता है। जिससे किसानों की आय दुगुनी हो सके।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय ने कहा कि कृषि के बाद पशुपालन एवं मत्स्य ग्रामीण परिवेश में आजीविका का मुख्य साधन है। जिले में मत्स्य पालन निरंतर नई उँचाईयों को छू रहा है।




इस कार्यकम में जिला उद्योग केन्द्र, समस्तीपुर द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं अन्य संचालित योजनाओं के बारे में भी विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। वहीं सहायक निदेशक, रसायन समस्तीपुर अमित कुमार ने मत्स्य पालन में रसायनों का उपयोग से हानि व लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
मौके पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, सहायक अभियंता, मत्स्य विभाग, विनोद कुमार, लगभग 175 मत्स्य पालक एवं मत्स्य विभाग के सभी पदाधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन जिला मत्स्य पदाधिकारी-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी मो० नियाजुद्दीन ने किया।
