
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के छात्रों, शिक्षकों, प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के विरोध में कैंडल मार्च निकाला। मार्च में शामिल पदाधिकारियों ने इस हमले को कायरतापूर्ण व बर्बर कार्रवाई करार देते हुए घटना की निंदा की और उसमें मारे गये लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैंडल मार्च के बाद सभी लोगों ने विश्वविद्यालय के सरस्वती गार्डन में पहलगाम हमले में मृत निर्दोष लोगों के आत्म की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर अपने संबोधन में विश्वविद्यालय के कुलपति ने इस हमले की कड़ी निंदा की और मृतक के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के सभी लोगों को आतंक के विरोध में अपनी एकजुटता दिखानी चाहिए। सभा के दौरान हमले में शहीद लोगों के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस दौरान छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने एक स्वर में आतंकवाद की निंदा की।

वहीं निदेशक छात्र कल्याण डॉ. रमण त्रिवेदी ने कहा कि यह कैंडल मार्च देश में शांति सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखने के लिए एकजुटता का प्रतीक है। जबकि छात्रों ने इस तरह की आतंकवादी घटनाओं को देश की शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बताया और कहा कि इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना आवश्यक है। छात्रों ने कहा कि उन्हें देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पूरा भरोसा है और सरकार जल्द ही आतंकवादियों को ढूंढ ढूंढ कर सबक सिखायेगी।

