
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर । पछिया हवा पर सवार शुष्क मौसम और गर्मी के साथ आग की विनाश लीला जारी है। इस संदर्भ में ताजा मामला जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड स्थित तेतारपुर पंचायत के नारायणपुर गांव का है। जहां के वार्ड तीन में शनिवार सुबह आग लग गई। इस अगलगी में देखते देखते 22 घर धू धू कर जलकर राख हो गए। वहीं इस घटना में 10 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।



स्थानीय लोगों ने घटना जानकारी अग्निशमन टीम को दी। मौके पर पहुंची दो थाना की अग्निशमन टीमों ने 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि अब तक मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।





स्थानीय ग्रामीण राजेश कुमार ने बताया कि सुबह तेज पछिया हवा चल रही थी। गांव के ही विश्वनाथ पंडित के घर खाना बन रहा था। उन्हीं के घर से चिंगारी उठी। जिससे पहले विश्वनाथ पंडित का घर धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटें इतनी तेज थी कि जब तक लोग कुछ करते तब तक आग ने देखते ही देखते गांव के अमरजीत पंडित, संजीत पंडित, अभिषेक पंडित, जितेंद्र पंडित, रितेश पंडित, शिवकुमार पंडित, रामपति देवी, गणपति देवी समेत 22 से अधिक लोगों के घरों को अपने आगोश अपने आगोश में ले लिया।


अगलगी की सूचना पर जुटे गांव के लोगों ने तत्काल निजी पंपसेट आदि से आग बुझाना शुरू किया। इसी दौरान अग्निशमन टीम और स्थानीय थाना के सूचना पर मोहिउद्दीननगर और पटोरी से पहुंची दमकल टीम में करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस घटना में घर में रखना अनाज कपड़ा, नकद आदि सबकुछ जल कर खाक हो गया।

उधर घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत प्रखंड प्रशासन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों ने बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया है। स्थानीय विधायक राजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों के बीच चूड़ा गुड़ बर्तन आदि राहत सामग्री उपलब्ध कराया है।

