
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले में सोमवार देर शाम हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बारिश के बाद बड़ी राहत मिली। बारिश के साथ चली ठंडी हवा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण सुहावना हो गया। वहीं बारिश की फुहारों से मायूस किसानों के चेहरों पर रौनक देखी जा रही है।
खेत खलिहानों को होगा फायदा :
हालांकि इसके पुर्व दिनभर उबाऊ उमस और गर्मी के कारण लोग बेहाल रहे। शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर पानी भर गया। वहीं खेत–खलिहानों और बाग-बगीचों को भी बारिश से फायदा हुआ।
अधिकांश लोगों ने कहा बारिश राहत के साथ लाभकारी :
बारिश के बाद लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवा का आनंद लेते नजर आए। किसानों ने इस बारिश को धान की खेती के लिए लाभदायक बताया। हालांकि, कुछ निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या भी देखने को मिली, जिससे लोगों को आवागमन में थोड़ी परेशानी हुई। बावजूद इसके अधिकांश लोगों ने बारिश का स्वागत किया और इसे भीषण गर्मी से राहत देने वाली बताया।
अगले कुछ दिनों तक मौसम में नरमी के आसार :
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक जिले में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान सामान्य रहने के साथ लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।