
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में किसान मेला के दूसरे दिन कुलपति डॉ पीएस पांडेय ने सभी स्टालों का भ्रमण किया और मशरूम, श्री अन्न एवं बीज निदेशालय के कार्यों की सराहना की।
घर के आसपास सालों भर खिलेंगे फूल :
इस दौरान उन्होंने कहा कि छोटे किसानों और सरकारी क्वार्टर में रहने वाले लोगों के लिए विश्वविद्यालय फूल, मसाला और विभिन्न सब्जी के बीज पैकेट उपलब्ध करवा रहा है। इस से उन्हें सालो् भर किचेन गार्डन से हरी सब्जियां और मसाले प्राप्त होंगे। इसके अतिरिक्त सालों भर घर के आसपास फूल भी खिलते रहेंगे।
किसानों से लें फीड बैक :
कुलपति डॉ पांडेय ने कृषि विज्ञान केंद्र के स्टाल पर बत्तीसा केला के नौ फीट लंबे घौर की तारीफ की। कुलपति डॉ पी.एस. पांडेय ने सभी वैज्ञानिकों को निर्देश दिया कि, वे किसानों के साथ सतत संपर्क बनाए रखें और उन्हें हर तरह से सहयोग प्रदान करें। साथ ही, उन्होंने किसान मेला में आये किसानों के फीडबैक लेने का भी निर्देश दिया ताकि अगले वर्ष और बेहतर तरीके से किसान मेला का आयोजन किया जा सके।
पुरस्कृत किए जा रहे किसान :
मेले के बारे में जानकारी देते हुए निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ रत्नेश कुमार झा ने बताया कि, किसान मेला में विभिन्न विषयों पर लगातार किसानों की गोष्ठी चल रही है, जिसमें बड़ी संख्या में महिला किसान भी शामिल हो रही है। उन्होंने कहा कि महिला किसानों से गोष्ठी के विषय एवं उनके अनुभव से संबंधित प्रश्न भी पूछे जाते हैं। ताकि उनका फीडबैक प्राप्त किया जा सके। इस दौरान उन्हें उत्साहित करने के लिए पुरस्कृत भी किया जा रहा है।
आईसीएआर के विभिन्न संस्थानों के वैज्ञानिक हो रहे शामिल :
किसान मेला में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के देश भर के विभिन्न संस्थानों के वैज्ञानिक भाग ले रहे हैं। जो अपने संस्थान के विभिन्न तकनीकों और विकसित प्रभेदो को प्रदर्शित कर रहे हैं और किसानों को बेच भी रहे हैं।
विभिन्न स्टॉल कर रहे किसानों को आकर्षित :
श्री झा ने बताया कि, मेला में देश भर से कृषि उत्पादों व उपकरण बनाने वाली कंपनियां हिस्सा ले रही हैं जो कृषि में आधुनिक तकनीक व उपकरण के फायदे बता रहे हैं। वहीं मेले में विभिन्न बैंकों के स्टाल भी लगाए गए हैं जो किसानों को बैंक के विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इसके अलावा मेले में बागवानी, मिथिला कला, घरेलू उत्पाद, हस्त शिल्प, आदि के स्टॉल भी किसानों को रिझा रहे हैं। किसान मेला में आज दस हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुटी।