
समस्तीपुर । अगामी 11 जून तक अधिकांश जिलों में आसमान में हल्के बादलों संग सूरज की लुका छिपी का खेल चल सकता है। कुछ जिलों में बारिश की संभावना है। इस अवधि में बढे तापमान और पूरवा हवा के कारण उमस भरी गर्मी से परेशानी बढ सकती है।
जिले के पूसा स्थित डाॅ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायू परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केन्द्र द्वारा अगामी 11 जून, 2025 तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वानुमानित अवधि के दौरान उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।
7 जून के सुबह तक उत्तर पश्चिम बिहार के कुछ स्थानों यथा मुजफ्फरपुर, सारण, पश्चिमी तथा पूर्वी चम्पारण जिलों में हल्की वर्षा होने की सम्भावना है। इसके बाद मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।
अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।
पूर्वानुमानित अवधि के दौरान औसतन 18 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पुरवा हवा चलने की संभावना है। फलतः उमस से परेशानी बढ सकती है। जबकि बेगूसराय जिले में पछिया हवा चल सकती है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 25 से 35 प्रतिशत रहने की संभावना है।