
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में दिलाई गई सत्यनिष्ठा की शपथ
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। विश्वविद्यालय और केंद्र स्तर पर भ्रष्टाचार के निवारण के लिए उचित फोरम बनाए गए हैं। सभी कर्मचारियों को समर्पित भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्हें यह भी समझना चाहिए कि उन्हें मिलने वाला वेतन समाज के लोगों के योगदान से आता है। ऐसे में अपने कार्यों के प्रति जवाबदेह और ईमानदार रहना जरूरी है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कुलपति ने उक्त बातें कही।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को सौंपे गए दायित्वों को पूरी निष्ठा से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके परिणाम अब सामने आने लगे हैं। विश्वविद्यालय विभिन्न रैंकिंग में भी शीर्ष संस्थानों में शामिल हो रहा है।
भ्रष्टाचार रोकने के प्रति सजग रहने की अपील :
बताते चलें कि, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए ईमानदारी और सत्यनिष्ठा की शपथ समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कुलपति डॉ. पीएस पांडेय ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सामूहिक एवं व्यक्तिगत स्तर पर भ्रष्टाचार रोकने के प्रति सजग रहने की अपील की।
पारदर्शी कार्यप्रणाली विकसित :
अपने संबोधन में कुलसचिव डॉ. पीके प्रणव ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विश्वविद्यालय में पारदर्शी कार्यप्रणाली विकसित की गई है। फाइलों का निष्पादन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है, जबकि टेंडर सहित अन्य खरीद प्रक्रियाएं भारत सरकार के जेम पोर्टल के माध्यम से संचालित हो रही हैं।
ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने का आह्वान :
उन्होंने कहा कि कुलपति भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर सतर्क रहते हैं। किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाती है। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने का आह्वान किया।
उपस्थिति :
कार्यक्रम में टेक्निकल सेल के प्रभारी डॉ. रवीश चंद्रा एवं सतर्कता अधिकारी डॉ. साहू ने भी अपने विचार रखे। समारोह में विश्वविद्यालय के सभी डीन, वरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।