
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पटना। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने को लेकर खाद्य संरक्षा विभाग की सख्ती लगातार जारी है। इस क्रम में गुरुवार को खाद्य संरक्षा विभाग की ओर से 29 अक्टूबर को चलाए गए निरीक्षण अभियान के दौरान कैफे 7 गार्डन, होटल पाटलिपुत्र कॉन्टिनेंटल, होटल द रॉयल बिहार, होटल जी डायमंड, द आर्च रेस्टोरेंट, मेसर्स घरौंदा और गणपति फूड प्लाजा की जांच की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, रसोई की साफ-सफाई और जरूरी दस्तावेजों की उपलब्धता में कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं।
मानकों का पालन करने का निर्देश :
होटल द रॉयल बिहार में ₹2,774 मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई, जबकि अन्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। कुछ प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
एक ही फ्रिज में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ :
अनीसाबाद बाइपास क्रॉसिंग के निकट स्थित होटल पाटलिपुत्र कॉन्टिनेंटल के निरीक्षण में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही फ्रिज में रखे मिले। विभाग ने इसे खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत निर्धारित स्वच्छता संबंधी प्रावधानों के उल्लंघन के रूप में दर्ज किया।
कई रिपोर्ट और प्रमाण पत्र नदारद, भंडारण में भी मानक की अनदेखी :
एम्स गोलंबर, फुलवारीशरीफ स्थित कैफे 7 गार्डन (प्राइड विहार स्नैक्स) की जांच के दौरान चना दाल और हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। निरीक्षण में एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण, पानी की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण संबंधी दस्तावेज, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र और खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले। शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने की व्यवस्था में भी कमी पाई गई। इसके अलावा, खाद्य सामग्री के भंडारण में एफईएफओ और एफआईएफओ प्रणाली का पालन नहीं किया जा रहा था।
होटल द रॉयल बिहार में खाद्य सामग्री जब्त :
वाल्मी, फुलवारीशरीफ स्थित होटल द रॉयल बिहार में निरीक्षण के दौरान आलू दम, येलो ग्रेवी, दाल मखनी और रियल फ्रूट मैंगो जूस जब्त कर नष्ट किए गए। इसी प्रतिष्ठान से किशमिश, बादाम और पनीर के नमूने भी लेकर जांच के लिए भेजे गए।
द आर्च रेस्टोरेंट और घरौंदा में भी कमियां :
एम्स गोलंबर के निकट कोरजी स्थित द आर्च रेस्टोरेंट के निरीक्षण में रसोई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। यहां साफ-सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था में कमी के साथ पानी की जांच तथा कीट नियंत्रण से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। खाद्य पदार्थों के भंडारण में एफआईएफओ और एफईएफओ प्रणाली का पालन नहीं किया जा रहा था। रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ भी एक साथ रखे मिले।
कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का नोटिस :
एसके पुरी, बोरिंग रोड स्थित मेसर्स घरौंदा (आशियाना मेन्यूसर्व प्राइवेट लिमिटेड), 24 गोकुल मार्ग के निरीक्षण में ड्रेनेज व्यवस्था, पानी की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण संबंधी दस्तावेज और कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों के पास एप्रन और दस्ताने भी नहीं पाए गए। विभाग ने यहां नमकीन, पानीपुरी पैलेट, कोकोनट पाउडर और एवरेस्ट सांभर मसाला को जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई की। प्रतिष्ठान को कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का नोटिस दिया गया।
होटल जी डायमंड को नोटिस, गणपति फूड प्लाजा को निर्देश :
विशाल नगर, एम्स गेट नंबर-1, फुलवारीशरीफ स्थित होटल जी डायमंड को साफ-सफाई बनाए रखने के संबंध में नोटिस जारी किया गया। वहीं, एम्स गेट नंबर-1 स्थित गणपति फूड प्लाजा काठी नेशन का निरीक्षण कर संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
अपील :
खाद्य संरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों से प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री को अलग रखने तथा जरूरी लाइसेंस, प्रमाणपत्र और जांच रिपोर्ट उपलब्ध रखने की अपील की है।