
समस्तीपुर मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत बैठक आयोजित
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। सतर्कता जागरूकता सप्ताह का प्रमुख उद्देश्य रेलकर्मियों में सत्यनिष्ठा और ईमानदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्य एवं सार्वजनिक जीवन में प्रत्येक कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता से करना चाहिए तथा सभी कार्य निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप संपन्न करने चाहिए।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर एक बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि वरिष्ठ उप महाप्रबंधक सह मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सिन्हा ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, निर्णयों का उचित दस्तावेजीकरण करने और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन बेहद महत्वपूर्ण हैं। इससे अनियमितताओं की आशंका कम होती है।
किया गया जागरूक :
सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही सुशासन के मूल आधार हैं। इन्हीं मूल्यों को कार्य-संस्कृति का अभिन्न अंग बनाने के उद्देश्य से सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर समस्तीपुर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में रेलकर्मियों को ईमानदारी, नैतिक आचरण तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुपालन के प्रति जागरूक किया गया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह का थीम और इसका संदेश :
उल्लेखनीय है कि देशभर में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” है। जो व्यक्तिगत एवं संस्थागत स्तर पर ईमानदारी, नैतिकता और पारदर्शिता अपनाने का संदेश देती है।
बैठक के दौरान विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से प्रक्रियागत त्रुटियों से बचने, जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा नियमसम्मत कार्यप्रणाली अपनाने के व्यावहारिक पहलुओं को समझाया गया।
विश्वसनीय, प्रभावी एवं जनोन्मुखी रेल व्यवस्था की शर्तें :
मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि सत्यनिष्ठा की संस्कृति से किसी भी संगठन की कार्यकुशलता, उत्पादकता और गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि होती है। उन्होंने रेलकर्मियों से अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी का नैतिक आचरण और कर्तव्यनिष्ठा एक विश्वसनीय, प्रभावी एवं जनोन्मुखी रेल व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
कैसे भ्रष्टाचार मुक्त कार्य-संस्कृति हो मजबूत :
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सतर्कता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक रेलकर्मी का सामूहिक दायित्व है। नियमों का पालन, पारदर्शी निर्णय और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाकर ही भ्रष्टाचार मुक्त कार्य-संस्कृति को मजबूत किया जा सकता है।
उपस्थिति :
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक सन्नी सिन्हा, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी विवेक कुमार सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी, सभी उप मुख्य सतर्कता अधिका, एवं बड़ी संख्या में अन्य अधिकारी व रेलकर्मी उपस्थित रहे।