
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। इस तरह के शिविर समाज में सेवा और संवेदना की भावना को मजबूत करते हैं। गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना सेवा संकल्प अभियान की सार्थकता और सबसे बड़ी जनसेवा है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत कल्याणपुर प्रखंड के मालीनगर स्थित पंचायत भवन में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच सह चिकित्सा शिविर का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री डॉ राजभूषण चौधरी ने उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने श्री रामचन्द्र सेवा ट्रस्ट और रोटरी क्लब द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना की और स्वयं कई लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श भी दिये।
हजारों लोगों ने उठाया निःशुल्क शिविर का लाभ :
बताते चलें कि, गुरुवार को श्री रामचन्द्र सेवा ट्रस्ट एवं रोटरी क्लब ऑफ समस्तीपुर सिटी के संयुक्त तत्वावधान में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच सह चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुबह से ही आसपास के गांवों से मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में हजारों स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवा का लाभ उठाया।
रोटरी क्लब ऑफ समस्तीपुर के प्रेसिडेंट ने कहा :
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ समस्तीपुर सिटी के अध्यक्ष रोटेरियन रजनीश अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित, स्वावलम्बी एवं समृद्ध समाज के निर्माण केलिए रोटरी क्लब सदैव स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अहम भूमिका निभाता रहा है। भविष्य में भी रोटरी क्लब इस तरह का आयोजन करता रहेगा।
जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े होने की भावना है यह शिविर :
शिविर के आयोजक, समस्तीपुर के सुप्रसिद्ध चिकित्सक, भाजपा कार्यकर्ता एवं श्री रामचन्द्र सेवा ट्रस्ट के संस्थापक रोटेरियन डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि इस शिविर के पीछे सिर्फ चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने का उद्देश्य नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े होने की भावना है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के लंबे सफर से सेवा और समर्पण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा केवल दायित्व नहीं, बल्कि संवेदना और आत्मीयता का विषय है। हम आगे भी जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास करता रहेंगे।
ग्रामीण क्षेत्र में निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय :
इस दौरान अपने सम्बोधन में भाजपा समस्तीपुर उत्तरी की जिलाध्यक्ष नीलम सहनी ने कहा कि, चिकित्सा स्वयं सिद्ध समाज सेवा है। शहर से दूर ग्रामीण क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों को एक साथ लाकर निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय कार्य है।
विभिन्न रोगों के विशेषज्ञों ने किया सहयोग :
इस शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. जी.सी. कर्ण, आंख, कान, नाक एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अमलेन्दु पांडे, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा शिखा, क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. सरोज कुमार, जनरल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अमरदीप एवं डॉ. अभिषेक झा, जनरल फिजिशियन डॉ. रोहित कुमार सहित डॉ. मनोज कुमार सिंह की पूरी मेडिकल टीम ने मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की।

उपस्थिति :
मौके पर जिला महामंत्री सुनील कुमार गुप्ता, प्रभात कुमार, शशिकांत आनंद, संगम कुमार, अभिराम ठाकुर, सहित भाजपा जिला संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, रोटरी क्लब के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।