
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। कला एवं संस्कृति हमारी समृद्ध विरासत, परंपराओं और सामाजिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से जिले के प्रतिभाशाली कलाकारों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध होता है। उन्होंने कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम ही नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों एवं परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है।
युवाओं की प्रतिभा को निखारने का व्यापक मंच :
शहर के जितवारपुर स्थित समस्तीपुर कॉलेज में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध है तथा जिले में विभिन्न कला विधाओं में प्रतिभावान कलाकार एवं प्रतिभागी मौजूद हैं। इस प्रकार के उत्सव के माध्यम से उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने एवं व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन एवं उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।

अतिथियों का स्वागत एवं उद्घाटन :
शहर के जितवारपुर स्थित समस्तीपुर कॉलेज में कला संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कला संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी द्वारा अतिथियों के स्वागत अभिनंदन के बाद जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा सहित पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का प्रयास :
उद्घाटन के उपरांत जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, उत्सव के माध्यम से जिले की कला एवं सांस्कृतिक परंपरा के संरक्षण के उद्देश्य से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें मंच प्रदान करने का प्रयास किया गया है। इस क्रम में उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, कर्मियों, कलाकारों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा :
दो दिवसीय उत्सव कार्यक्रम के दौरान गायन, वादन, नृत्य, वक्तृता सहित विभिन्न कला एवं सांस्कृतिक विधाओं में प्रतिभागियों द्वारा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कला, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति के विभिन्न रंग देखने को मिल रहे हैं। विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम स्थल पर उत्सवी वातावरण बना रहा।
समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी :
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि युवा प्रतिभा को सही मंच एवं प्रोत्साहन प्रदान करना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभागियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ जिले की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करते हैं।
प्रतिभागियों ने किया अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन :
कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी प्रस्तुतियां दीं। गायन एवं वादन के माध्यम से सुर और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां, नृत्य के माध्यम से सांस्कृतिक विविधता की झलक तथा वक्तृता के माध्यम से प्रतिभागियों की अभिव्यक्ति एवं विचार क्षमता देखने को मिली। अन्य विधाओं में भी प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन अनंत कुमार राय ने किया।
उपस्थिति :
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त गौतम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, राकेश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम, अधीक्षक मद्य निषेध मनोज कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
