
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। दी उम्मीद एवं नीरव स्पोर्ट्स के संयुक्त तत्वावधान में “किक आउट ड्रग किक इन ड्रीम्स” थीम पर आयोजित दी उम्मीद कप 2026 – बिहार स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप का भव्य समारोह पूर्वक समापन हो गया। बुधवार को हुए खिताबी मुकाबले में बेगूसराय को 2–1 से पछाड़ कर जितवारपुर के जांबाजों ने द उम्मीद कप 2026 पर कब्जा जमा लिया।
विभिन्न जिलों से 250 से अधिक खिलाड़ी हुए शामिल :
समस्तीपुर कॉलेज मैदान में 15 जुलाई से आरम्भ इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करना, फिटनेस को बढ़ावा देना तथा उन्हें सकारात्मक दिशा से जोड़ना था। इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से 250 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
आकाश आर्य और गुड्डू ने दिलाई जीत :
फाइनल मुकाबला जितवारपुर (समस्तीपुर) एवं बेगूसराय की टीमों के बीच खेला गया। पहले हाफ में बेगूसराय की टीम ने शानदार गोल कर बढ़त बनाई। दूसरे हाफ में जितवारपुर की टीम ने शानदार वापसी करते हुए आकाश आर्य और गुड्डू ने एक के बाद एक गोल कर अपनी टीम को 2–1 से रोमांचक जीत दिलाई। इस प्रकार जितवारपुर (समस्तीपुर) ने दी उम्मीद कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम :
इस दौरान मुख्य अतिथि 12 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल साहिल कोचर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि, खेल युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ता है तथा नशे से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
पुरस्कार वितरण :
इस अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण-पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं :
अपने संबोधन में दी उम्मीद के संस्थापक अमरजीत कुमार ने कहा कि, “यह आयोजन केवल एक फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने केलिए सामाजिक अभियान का हिस्सा है।”
सफल आयोजन में योगदान :
वहीं नीरव स्पोर्ट्स के संचालक नीरव कुमार ने प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में खिलाड़ियों, रेफरी, स्वयंसेवकों, प्रायोजकों, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं हजारों खेल प्रेमियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उपस्थिति :
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव मोहम्मद रिजू, समस्तीपुर कॉलेज हिंदी विभाग के डॉ. महेश कुमार चौधरी, सेनको के मैनेजर अनिरुद्ध सिंह, माउंट लिट्रा जी स्कूल के निदेशक अमित सिंह, राजस्थान स्वीट्स के संचालक प्रकाश भारतीया, आलोक कुमार, सूबेदार मेजर राजेश सिंह, नीरव स्पोर्ट्स के संचालक नीरव कुमार तथा दी उम्मीद के संस्थापक अमरजीत कुमार उपस्थित रहे।