
ओईनी न्यूज नेटवर्क
Oini 24 समस्तीपुर। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में माह के पहले मंगलवार को लगने वाले 49 सहयोग शिविरों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
निष्पादन में पारदर्शिता और स्पष्टता :
इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक परिवादी को उनके द्वारा दिए गए आवेदनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि 30 दिन पूर्व तक प्राप्त सभी आवेदनों के निष्पादन की स्थिति पारदर्शी तरीके से बताई जाए, साथ ही निष्पादित मामलों की जानकारी भी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाए।
शिकायतों का त्वरित निष्पादन :
उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक अभिलेखों एवं अद्यतन विवरणियों के साथ शिविर में उपस्थित रहने का निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके नजदीक ही करना और प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सुलभ एवं जवाबदेह बनाना है।
अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई :
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वरीय पदाधिकारियों को लंबित मामलों की समीक्षा कर लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों की पहचान करने और प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय सीमा के भीतर कार्य निष्पादन नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता :
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को शिविर के आयोजन को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संपन्न करने तथा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।