
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। यह कार्यालय भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण हेतु महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा।
इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा :
जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने बुधवार को जिला सैनिक कार्यालय का उद्घाटन करते हुए उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। इस क्रम में उन्होंने कहा कि, इस कार्यालय के खुल जाने से पेंशन आदि योजनाओं के लाभ के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
उद्घाटन :
बताते चलें कि, जिले में भूतपूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं एवं वीरांगनाओं के कल्याणार्थ जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बुधवार को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय का फीता काट कर उद्घाटन किया।
योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी :
कार्यक्रम के दौरान जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी दरभंगा-सह-समस्तीपुर सेवा निवृत कमांडर रामजी राय, ने उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों, शहीद की विधवाओं एवं वीरांगनाओं को सैनिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
सहयोग करने का आग्रह :
कार्यक्रम के अंत में जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी श्री राय ने सभी आगंतुकों एवं उपस्थित पूर्व सैनिकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यालय के सफल संचालन में सहयोग करने का आग्रह किया। इस दौरान उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने समस्तीपुर में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के नियमित संचालन प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा इसे सैनिक समुदाय के लिए एक सराहनीय पहल बताया।
उपस्थिति :
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर सदर दिलीप कुमार, प्रचारक ई०टी०एस० समस्तीपुर सेवा निवृत विंग कमांडर राम सकल सिंह एवं उपाध्यक्ष धनुर्धरण समिति सेवा निवृत कमांडर विनय कुमार वी०एस०एम० उपस्थित रहे।