
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर । शनिवार को जिला परिषद समस्तीपुर की सामान्य बैठक विद्यापति सभागार, पूसा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित की गई। बैठक शुरू होते ही जिला परिषद उपाध्यक्ष ठाकुर उदयशंकर ने जिला परिषद अध्यक्ष खुश्बू कुमारी के द्वारा क्षेत्र में पार्षदों को आवंटित होने वाली योजनाओं में भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए वार्षिक कार्य योजना की सूचि को सार्वजनिक करने, क्षेत्र में पूर्ण योजना के बकाया राशि के तत्काल भुगतान करने के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने, सभी पार्षदों के क्षेत्र में सामान रूप से योजनाओं का संचालित करने और जिला परिषद कर्मियों के बकाया वेतन भुगतान करने की मांग की।
बदले में जिप अध्यक्ष द्वारा संतोषजनक जवाब देने के बजाय विभागीय समीक्षा शुरु कर दी गयी। जिस पर आपत्ति दर्ज करते हुए पार्षद रिंकी कुमारी ने योजनाओं का सभी क्षेत्र में बराबर संचालन करने और बकाए राशि की भुगतान करने की मांग करते हुए अध्यक्ष से पुन: स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
पुुन: मांग की उपेेेक्षा किये जाने पर जिला पार्षद अरूण कुमार गुप्ता, अजहर आलम, अरुण कुमार, ममता शर्मा, अमिता कुमारी, मंजू देवी, विभा कुमारी, अंजना कुमारी, धर्मेंद्र पासवान, उर्मिला देवी, रिंकी कुमारी ने उपाध्यक्ष ठाकुर उदयशंकर के नेतृत्व में बैठक का बहिष्कार कर दिया और बैठक स्थल के बाहर धरना पर बैठ गए।
बैठक स्थल पर धरना दे रहे पार्षदों ने उपरोक्त मांगों का समर्थन करते हुए जिला में विकास बाधित करने वाली अध्यक्ष के खिलाफ जिला अधिकारी से तत्काल तमाम व्यवधान को दूर करने की मांग किया है। पार्षदों ने कहा है कि न्यायपूर्ण मांगों को तत्काल पूरा नही किये गए तो आने वाले दिनों में जिला परिषद कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
