
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। कांटी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर है। कपरपुरा रेलवे गुमटी संख्या-107 को 31 मई से पहले आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए कांटी विधायक इंजीनियर अजीत कुमार ने बताया कि बाद में अंडर पास निर्माण कराया जाएगा।
गुमटी को खोलने की प्रक्रिया शुरू :
बताते चलें कि, मंगलवार को विधायक अजीत कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने समस्तीपुर के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा से मुलाकात की। वार्ता के बाद विधायक ने बताया कि लंबे समय से बंद इस गुमटी को खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
समय और संसाधनों की हो रही बर्बादी :
उन्होंने कहा कि गुमटी बंद रहने से कांटी और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। छात्र-छात्राओं, किसानों, व्यवसायियों और मरीजों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी हो रही है।
अंडरपास निर्माण में देरी से भड़के विधायक :
विधायक ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले जिलाधिकारी से मुलाकात की गई थी। इसके बाद 4 अप्रैल 2026 को प्रतिनिधिमंडल के साथ डीआरएम से वार्ता हुई थी, जिसमें अंडरपास निर्माण का आश्वासन मिला था। कार्रवाई में देरी होने पर भड़के विधायक ने रेलवे प्रशासन को पत्र लिखकर नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी।
प्रतिनिधि मंडल :
अब रेलवे प्रशासन ने गुमटी को पूर्व की तरह चालू करने का निर्णय लिया है। विधायक ने कहा कि भविष्य में यहां अंडरपास बनाकर स्थायी समाधान किया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में विधायक के अलावा जदयू अध्यक्ष विनोद गुप्ता, अनिल शाही, पूर्व मुखिया नंदकिशोर सिंह, समस्तीपुर मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल कृषण, संजीव सुमन, नीरज भारद्वाज, उमेश राय, राजबाला राय, सुनील कुमार आदि प्रमुख थे।