
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों के जीवन प्रमाणीकरण हेतु विशेष अभियान 30 अप्रैल से आरम्भ हो रहा है। गौरतलब है कि, वर्तमान में जिले में लगभग 1,38,000 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है, जिसके कारण पेंशन भुगतान प्रभावित हो रहा है।
होगा निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण :
उक्त जानकारी देते हुए जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने बताया कि दिनांक 30.04.2026 से 30.05.2026 तक जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों में पंचायत/नगर क्षेत्र में विशेष जीवन प्रमाणीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए पेंशनधारियों का निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
भौतिक सत्यापन :
उन्होंने बताया कि, शिविरों में जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क होगी तथा जिन पेंशनधारियों का प्रमाणीकरण बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट/आइरिस) के माध्यम से संभव नहीं हो पाता है, उनके लिए भौतिक सत्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
हेल्पडेस्क का टोल-फ्री नंबर जारी :
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान चिन्हित मृत पेंशनधारियों का विवरण ई-लाभार्थी पोर्टल पर ‘डेथ मार्क’ किया जाएगा, ताकि अनावश्यक भुगतान पर रोक लगाई जा सके। किसी भी प्रकार की सहायता हेतु पेंशनधारी राज्य स्तरीय हेल्पडेस्क के टोल-फ्री नंबर 18003456262 पर (सोमवार से शनिवार, प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक) संपर्क कर सकते हैं।
अपील :
इसी क्रम में जिला प्रशासन, ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि, वे अपने निकटतम शिविर में उपस्थित होकर अनिवार्य रूप से अपना जीवन प्रमाणीकरण कराएं, ताकि पेंशन राशि का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रह सके।