
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। सोमवार को अनुमंडल कार्यालय में आयोजित ‘सेवा संवाद समाधान कार्यक्रम’ के अंतर्गत अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में की कुल 54 मामलों की सुनवाई गई। कार्यक्रम के दौरान आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया एवं त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई।
39 मामलों का समाधान ऑन स्पॉट :
इस अवसर पर प्राप्त आवेदनों में से कुल 39 मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, जिससे आवेदकों में संतोष देखा गया। शेष मामलों को संबंधित कार्यालयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित कर दिया गया है। ताकि उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
आम जनता को किसी प्रकार की न हो असुविधा :
प्राप्त मामलों में अधिकांश शिकायतें राशन कार्ड एवं एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति से संबंधित थीं। इसके अतिरिक्त कुछ आवेदन भूमि विवाद एवं अन्य विषयों से जुड़े हुए भी प्राप्त हुए। श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, “लंबित मामलों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन किया जाए तथा आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।”
समयबद्ध समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध :
उन्होंने कहा कि सेवा संवाद समाधान कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।