
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 रोसड़ा। “गांधी के हत्यारों को देश भक्त बताने और साबित करने वालों की सरकार में गांधी की मूर्ति तोड़े जाने की घटना न पहली है न आश्चर्य जनक है। ऐसे में प्रतिमा स्थल पर तोड़फोड़ की घटना पर प्रशासन की स्तब्धकारी खामोशी भी अनपेक्षित नहीं है।”
समस्तीपुर के पुर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने मंगलवार को रोसड़ा स्थित गांधी चौक पर आयोजित प्रतिरोध सभा के दौरान संवाददाता से उक्त बातें कही।
एनडीए का दोहरा चरित्र हुआ उजागर :
श्री शाहीन ने कहा कि, “इस घटना से भाजपा नीत एनडीए का दोहरा चरित्र उजागर हुआ है। जिसमें उसके नेता गांधी के आगे सिर झुकाते हैं, साथ ही गांधी के हत्यारों की पूजा और गांधी को अपमानित करने वालों को प्रोत्साहित व संरक्षित करते हैं।”
हर सांस में किया अपमानित :
इस दौरान उन्होंने भाजपा एवं संघ पर सीधा हमला बोला और कहा कि, “अभी सत्ता के शीर्ष पर वही लोग बैठे हैं जिन्होंने हर सांस में राष्ट्र पिता महात्मा गांधी और राष्ट्र निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को अपमानित किया है। जिनका देश की आजादी में योगदान नहीं रहा है। जिन्होंने आजादी के दीवानों की मुखबिरी की।”
प्रतिरोध सभा का आयोजन :
बताते चलें कि, स्थानीय रोसड़ा बाजार में गांधी चौक पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा और प्रतिमा स्थल को जेसीबी से ध्वस्त करने की घटना के खिलाफ महागठबंधन नेताओं ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए मंगलवार को स्मारक स्थल पर प्रतिरोध सभा का आयोजन किया। जिसकी अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती, ने तथा एवं धन्यवाद ज्ञापन राजद दलित सेल के जिलाध्यक्ष सत्यविंद पासवान ने किया
कहा, शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय घटना :
सभा को संबोधित करते हुए उजियारपुर विधायक सह पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता ने कहा कि, “बापू की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करना देश की आजादी में उनके अमूल्य योगदान का अपमान है। यह घटना बेहद शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय हैl”
करनी चाहिए दोषियों पर अविलंब सख्त कार्रवाई :
वहीं, पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती ने कहा कि, “यह केवल तोड़फोड़ नहीं है, बल्कि अहिंसा के विचार पर एक हिंसक हमला है। जिला प्रशासन को दोषियों पर अविलंब सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”
अपने स्तर से प्रतिमा स्थल का कराएंगे पुनर्निर्माण :
श्री शाहीन ने प्रशासन को सत्ता की कठपुतली बताते हुए कहा कि, मूर्ति तोड़ने की घटना के बाद एक सप्ताह हमने प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया। उसके बाद सड़क पर आए हैं।
उन्होंने कहा कि, यदि प्रशासन अब भी कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को विस्तार दिया जाएगा और सड़क से सदन तक और पटना से दिल्ली तक यह मामला गूंजेगा। हम लोग जन सहभागिता से अपने स्तर से प्रतिमा स्थल का पुनर्निर्माण कराएंगे।”
जनता लेगी हिसाब :
वहीं, जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि, गांधी के हत्यारों की सरकार में उनकी मूर्ति का तोड़ा जाना विस्मयकारी घटना नहीं है। जनता सब देख और समझ रही है। समय आएगा और यही जनता गिन गिन कर हिसाब लेगी।