
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 विद्यापतिनगर। बिहार राज्य भूमि संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर राजस्व कर्मचारी विगत 11 फरवरी 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। जिसके कारण करीब 40 दिनों से अंचल कार्यालय सहित पंचायतों में एफसी राजस्व का कामकाज पूरी तरह से ठप पड़ा है।
ऐच्छिक स्थानांतरण सहित 17 सूत्री मांग :
बताते चलें कि, कर्मचारी संघ अपने 17 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर करीब 40 दिनों से सरकार के नीतियों का विरोध कर रहे हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कर्मचारियों की ग्रेड पे में 2800 रुपये की वृद्धि और अपने गृह जिले में पदस्थापन की मांग शामिल है।कर्मचारियों का कहना है कि, ना तो उन्हें सम्मानजनक ग्रेड पे मिल रहा है और ना ही अन्य सुविधाओं सहित ऐच्छिक स्थानांतरण का लाभ नहीं मिलने से वे घर से दूर काम करने को मजबूर है।
बिना काम कराए लौट रहे लोग : नाराजगी
कर्मचारियों की हड़ताल के कारण न केवल अंचल कार्यालय बल्कि पंचायतों में भी आम जन व छात्र-छात्राओं का कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही दाखिल-खारिज, परिमार्जन, नाम सुधार और फार्मर आईडी बनाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। अंचल कार्यालय में प्रतिदिन पहुंचने वाले आम लोगों को बिना काम कराए निराश हो कर लौटना पड़ रहा है। इससे किसानों और भूमि संबंधित कार्यों के लिए आए लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।
सरकारी सेवाएं सहित सभी कार्य बाधित :
ग्रामीण क्षेत्रों से आए कई लोगों ने बताया कि वे दाखिल-खारिज और नाम सुधार के लिए कई दिनों से कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हड़ताल के कारण उनका काम नहीं हो पा रहा है। कुछ लोगों ने कहा कि उन्हें जरूरी कागजात जमा करने की अंतिम तिथि की चिंता सता रही है। किसान अभिनाश भारद्वाज गोपाल सिंह, नरेश महतो आदि ने बताया कि फार्मर आईडी नहीं बनने से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। हड़ताल के कारण विद्यापतिनगर अंचल क्षेत्र में भूमि संबंधित कार्य, नामांतरण, खाता सुधार, जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र बनाने समेत अन्य सरकारी सेवाएं पूरी तरह से बाधित हो गयी है।
धैर्य बनाए रखने की अपील :
पंचायत के विभिन्न कार्य रुकने से लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालांकि हड़ताल कब तक चलेगी, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। फिर भी प्रशासन की ओर से आम लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।