
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। समस्तीपुर मंडल पूर्णतः हिंदी भाषी क्षेत्र में स्थित है, जहाँ आम आदमी अपने अधिकांश कार्य हिंदी में ही करते हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि कार्यालयी कार्यों में भी शुद्ध, सरल एवं व्यवहारिक हिंदी का प्रयोग बढ़ाया जाए, जिससे हिंदी का वास्तविक विकास एवं व्यापक प्रसार सुनिश्चित हो सके।
हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग की वकालत :
पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल में बुधवार को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2026 की पहली बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में अधिक से अधिक हिंदी के प्रयोग की पुरजोर वकालत की।
राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता :
मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक की शुरुआत अपर मुख्य रजभाषा अधिकारी सह अपर मंडल रेल प्रबंधक सन्नी सिन्हा द्वारा स्वागत संबोधन के साथ हुई। तत्पश्चात राजभाषा अधिकारी सह सहायक कार्मिक अधिकारी ने विषय प्रवेश कराते हुए बैठक की कार्यसूची प्रस्तुत की और राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हिंदी के प्रयोग को दें प्राथमिकता :
बैठक के दौरान रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित मानक कार्यसूची के अनुसार विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिसमें समिति के सदस्यों ने अपने-अपने विभागों में हिंदी के प्रयोग की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए उपयोग बढ़ाने के लिए सुझाव दिए। बैठक में विशेष रूप से नोटिंग, ड्राफ्टिंग, पत्राचार तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हिंदी के प्रयोग को प्राथमिकता दिए जाने पर बल दिया गया।
जनसंपर्क को सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम है हिंदी :
बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग केवल संवैधानिक दायित्व ही नहीं, बल्कि जनसंपर्क को सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम भी है। हिंदी के व्यापक प्रयोग से न केवल प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ती है, बल्कि आम नागरिकों के साथ संवाद भी अधिक सरल और सहज हो जाता है।
सभी शाखाधिकारी थे मौजूद :
इस दौरान बताया गया कि, समस्तीपुर मंडल द्वारा राजभाषा हिंदी के संवर्धन एवं उसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और जनसंपर्क दोनों को सुदृढ़ किया जा सके। अंत में अध्यक्ष महोदय की अनुमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई तथा राजभाषा अधिकारी सह सहायक कार्मिक अधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। मौके पर सभी शाखाधिकारी उपस्थित थे।