
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा में छात्रों के प्लेसमेंट को लेकर एक बार फिर से नया रिकॉर्ड बनाता नजर आ रहा है। अभी विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट सीजन की शुरुआत ही है, और एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट एवं रूरल मैनेजमेंट के 16 छात्रों का चयन बिहार स्टेट मिल्क कोआपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड के द्वारा किया गया है।
अभी और राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कम्पनियों के आने की है संभावना :
बताते चलें कि, बिहार सरकार से संबद्ध सुधा डेयरी इसी फेडरेशन का ब्रांड है। इसके अतिरिक्त टाटा रैलिस और प्रदान कंपनी में भी कुछ छात्रों का चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त आने वाले समय में विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट के लिए अन्य राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कम्पनियां के भी आने की संभावना है।
कुलपति ने दी बधाई :
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ पी एस पांडेय ने सभी चयनित छात्रों को बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों को पढ़ाई और रोजगार के अतिरिक्त देश का एक सशक्त और समर्पित नागरिक बनाने को लेकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब छात्रों का अच्छी कंपनियों में प्लेसमेंट होता है तो उन्हें अतिरेक खुशी होती है।
वीसी ने कहा– सभी के एकनिष्ठ समर्पण का है परिणाम :
उन्होंने कहा कि, “लगातार रिकॉर्ड प्लेसमेंट से पता चलता है कि यहां के छात्रों की राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मांग है।” उन्होंने बेहतर प्लेसमेंट के लिए प्लेसमेंट कोआर्डिनेटर एवं सभी शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि, “विश्वविद्यालय में सभी लोगों एकनिष्ठ होकर समर्पित भाव से काम कर रहे हैं इसी का प्रतिफल है कि नित नये उत्साह जनक परिणाम आ रहे हैं।”
लगातार 4थी बार शत प्रतिशत प्लेसमेंट का रिकॉर्ड शीघ्र होगा हासिल :
स्कूल आफ़ एग्री-बिजनेस एंड रूरल मैनेजमेंट के निदेशक डॉ रामदत्त ने कहा कि, “पिछले तीन वर्षों से संस्थान के छात्रों का सौ प्रतिशत कैंपस प्लेसमेंट हो रहा है। इस वर्ष भी उम्मीद है कि सभी छात्रों का प्लेसमेंट हो जायेगा। लगातार चार वर्षों तक सौ प्रतिशत कैंपस प्लेसमेंट हासिल करना एक रिकॉर्ड होगा जो जल्द ही हासिल हो जायेगा।”
राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय के छात्रों की मांग बढ़ी :
उन्होंने कहा कि, “कुलपति छात्रों के हित में लगातार निर्णय ले रहे हैं। उनके सकारात्मक व विकासोन्मुख सोच का ही परिणाम है कि, विश्वविद्यालय में शिक्षा अनुसंधान एवं प्रसार के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। जिसके फलस्वरूप, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय के छात्रों की मांग बढ़ी है।”
कुलसचिव व निदेशक अनुसंधान ने दी बधाई :
छात्रों के बेहतर प्लेसमेंट को लेकर कुलसचिव डॉ. पी.के. प्रणव, निदेशक अनुसंधान डॉ. ए.के. सिंह समेत विभिन्न शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों ने भी छात्रों को बधाई और शुभकामनाएं दी।