
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार के द्वारा मध्य पूर्व में युद्ध की स्थिति के कारण द्रवित पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की आपूर्ति में संभावित बाधा को देखते हुए सभी गैस एजेंसी के संस्थापक एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
वितरण में बनाए रखें पारदर्शिता और नियमितता :
जिसमें उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि, “उपभोक्ताओं की आवश्यकता और सुविधा को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए गैस आपूर्ति की व्यवस्था सुचारू रूप से बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए। उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए एल.पी.जी. वितरण में फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व की नीति का अनुपालन किया जाए। साथ ही वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमितता बनाए रखें।”
प्रशासन सतर्क :
एसडीओ श्री कुमार ने कहा कि, “वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।”
उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील :
उन्होंने आम उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि, “किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक रूप से गैस का भंडारण न करें। गैस एजेंसी एवं वितरकों के द्वारा आम जनता के घर तक निर्बाध रूप से गैस सिलेंडर पूर्व की ही तरह उपलब्ध करवाई जाती रहेगी।”
होगी नियमित गैस आपूर्ति :
प्रशासन की ओर से एसडीओ ने स्पष्ट किया गया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक समन्वय बनाए रखा जाएगा।
सभी एजेंसी के प्रतिनिधि हुए शामिल :
मौके पर राजम इंडेन गैस एजेंसी, रजत इंडेन सर्विस, किरण इंडेन, गिरीश एचपी, बुद्धा इंडेन, मार्क इंडेन, मारुति गैस एजेंसी, सहित जिले के सभी गैस एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।