
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
ओईनी 24 समस्तीपुर। आपका जीवन आपके परिवार के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए सड़क सुरक्षा नियमों को अपनाकर स्वयं अपने एवं दूसरों के जीवन को सुरक्षित बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें। मंगलवार को सड़क सुरक्षा के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने एवं सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर, से ” राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह” के भव्य शुभारंभ के अवसर पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने उक्त बातें कही।
नियमों के अनुपालन पर जोर :
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा एक अत्यंत गंभीर विषय है। इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाना है।
उन्होंने कहा कि, “वाहन चलाते समय हेलमेट लगाना, सीट बेल्ट लगाना, ओवरस्पीडिंग से बचना और यातायात संकेतों का पालन करना न केवल कानूनी अनिवार्यता है, बल्कि आपके जीवन की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। जिसपर आप से अधिक आपके परिवार का अधिकार है।”
जागरूकता रथ रवाना :
इस अवसर पर सर्व प्रथम जिला पदाधिकारी श्री कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह, परिवहन पदाधिकारी विवेक चंद्र पटेल, एसडीएम दिलीप कुमार आदि द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता वाहन (प्रचार रथ) को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
दुर्घटना मुक्त जिले का किया संकल्प :
इस अवसर पर आरक्षी अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान सघन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे ताकि लोग नियमों के प्रति अनुशासित हों। जिला परिवहन पदाधिकारी श्री विवेक चंद्र पटेल ने बताया कि यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न चौक-चौराहों और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर माइकिंग और अन्य माध्यमों से लोगों को सुरक्षित सफर के प्रति सचेत करेगा।

सड़क सुरक्षा के नियमों अनुपालन का लिया शपथ :
कार्यक्रम के दौरान श्री कुशवाहा ने उपस्थित पदाधिकारियों, समाजसेवियों और कर्मियों को सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क व सजग रहने, यातायात नियमों का पालन करने और कराने का शपथ दिलाया।
गरिमामयी उपस्थिति :
प्रशासनिक अमले के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता देखी गई। मौके पर अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, सहित जिला स्तरीय अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मी तथा विभिन्न संगठनों के सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी समस्तीपुर द्वारा इस अवसर पर सभी लोगों को यातायात के नियमों का अनुपालन करने हेतु शपथ भी दिलाई गई