
ओईनी न्यूज नेटवर्क
Oini 24 डेस्क मधुबनी। ऐडेंट के सेवा और समर्पण के सफलतम 25 वर्ष अपने आप में एक रोमांचित करने वाली अनुभूति है। चुनौतियों, और सफलता के बीच उपलब्धियों से भरी 25 वर्षों की यह यात्रा हमारे लिए गर्व का विषय है। यह सफलता हमारे सदस्यों, सहयोगियों और समाज के निरंतर व समर्पित सहयोग से संभव हो सकी है।
ऐडेंट सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के संस्थापक एवं सचिव बिरेंद्र कुमार ने संस्था के तीन दिवसीय रजत जयंती समारोह के दौरान अपना उद्गार व्यक्त करते हुए उक्त बातें कही।
संस्था की सफलता श्रेय अपने सहयोगियों और समाज की अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि ऐडेंट सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन आने वाले वर्षों में भी समाज सेवा के अपने संकल्प को और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बताते चलें कि ऐडेंट सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन (ASWO) ने मधुबनी जिले के हरलाखी स्थित इनडोर स्टेडियम में अपने स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय रजत जयंती समारोह का आयोजन किया।
अतिथियों के स्वागत सम्मान और अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ आरंभ 18, 19 एवं 20 दिसम्बर को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न गतिविधियों से सजे इस समारोह के दौरान शामिल प्रतिभागियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभूतियों को स्मृति चिन्ह आदि से सम्मानित किया गया।
विदित हो कि ऐडेंट सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेश एक सामाजिक संगठन है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में कार्यरत है। वर्ष 2000 में स्थापित ऐडेंट सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन पिछले 25 वर्षों से शिक्षा, सामाजिक विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। यह संस्था अपने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सफल रही है।
रजत जयंती समारोह में अनेक गणमान्य अतिथि, अन्य राज्यों में कार्यरत सदस्यों की मौजूदगी में कई नई योजनाओं का शुभारंभ भी किया गया।