
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। युवा कलाश्रम द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बाबा थानेश्वर नृत्य महोत्सव- 2025 का दूसरा दिन अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अतिथि कलाकारों एवं स्थानीय नवोदित कलाकारों के नाम रहा।
इस अवसर पर सबसे पहले समस्तीपुर बीएसएनएल के प्रबंधक विनोद कुमार, अंतर्राष्ट्रीय चित्रकार मो सुलेमान, शंकर प्रसाद, सचिन कुमार एवं अन्य संगीत एवं नृत्य के ख्यातिलब्ध गुरुजनों ने सामूहिक रूप से बाबा थानेश्वर की पूजा- अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत उद्घाटन किया।

तत्पश्चात संगीत नाट्य अकादमी द्वारा बिस्मिल्ला खां युवा पुरस्कार से सम्मानित, 22 देशों में अपना परचम लहराने वाले अन्तर्राष्ट्रीय कथक कलाकार सौविक चक्रवर्ती ने बाबा थानेश्वर के समक्ष अपनी प्रस्तुति दी। इसी क्रम में स्थानीय नवोदित बाल नृत्यांगनाओं द्वारा विद्यापति की रचना – गे माई चंद्रमुखी सन गौरा हमर छथीन गीत पर सामूहिक लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया।

इसके अलावा सुविख्यात कथक कलाकार अदिति चक्रवर्ती के शिव वंदना और तीन ताल में टुकड़ा तिहाई, एवं भरतनाट्यम के ख्याति लब्ध कलाकार सौरभ दास के द्वारा *”द्रोपदी चीर हरण”* की प्रस्तुति ने देर शाम तक श्रोताओं को बंधे रखा, लोग सम्मोहन की अवस्था में झूमते रहे, बीच-बीच में बाबा थानेश्वर का जयकारा मंदिर परिसर में गूंजता रहा।

इस दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा बाबा की नचारी और भजन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर प्रत्येक सोमवार को बाबा थानेश्वर की स्तुति, भजन करने वाले कलाकारों को बाबा की तस्वीर और अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
