
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क मुजफ्फरपुर । भू माफिया द्वारा सरकारी या मंदिर मस्जिद की जमीन पर कब्जा किए जाने का मामला आए दिन सुर्खियां बटोरते रहते हैं। अब एक नया मामला सामने आया है जिसमें मुजफ्फरपुर नगर निगम ने वक्फ भूमि पर बोरिंग, रूम और रास्ता बनाकर अवैध अधिग्रहण कर लिया है। जो वक्फ कानून का स्पष्ट उल्लंघन है।
मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षा के चेयरमैन एवं राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आरक्षण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी मोहम्मद परवेज़ सिद्दीक़ी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि मुजफ्फरपुर के रामबाग स्थित सोगरा वक्फ की 13 एकड़ भूमि पर अवैध कब्ज़े और जमीन माफियाओं द्वारा की जा रही खरीद–फरोख्त बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र भेजकर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की माँग की है।
हाजी सिद्दीक़ी ने बताया कि वर्ष 2021 में अतिक्रमण हटाने की पहल करने पर उन्हें जान से मारने और मुजफ्फरपुर में प्रवेश न करने की धमकियाँ दी गई थीं। जिसके बाद कोर्ट के निर्देश पर संबंधित असामाजिक तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। इसके बावजूद भूमि आज तक मुक्त नहीं हो सकी है।
हाजी परवेज़ सिद्दीक़ी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पूरी 13 एकड़ भूमि अतिक्रमण का शिकार है, जिसमें नगर निगम ने भी कब्जा कर रखा है। इस जमीन को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, नगर निगम के अवैध निर्माण तत्काल हटाए जाएँ, भूमि माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, और वक्फ के अरबों के संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।