
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क् ताजपुर । आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम एवं एक्सिस बैंक फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार डॉ. एल.के.वी.डी. कॉलेज, ताजपुर समस्तीपुर में एक दिवसीय मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया गया। जिसमें गुजरात की कई नामचीन कंपनियों ने हिस्सा लिया। इस जॉब फेयर में कुल 450 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया।
ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया के बाद आयोजित प्रथम चरण की लिखित परीक्षा में 230 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की। दूसरे चरण में फेस-टू-फेस साक्षात्कार के बाद टाटा मोटर्स, साणंद गुजरात ने 65, मदरसन गुजरात ने 31, सुजुकी मोटर्स गुजरात ने 4, सोनल इंडस्ट्रीज मुजफ्फरपुर ने 23, युवाओं का चयन किया।
चयनित अभ्यर्थियों को कॉलेज के प्राचार्य डॉ. धर्मराज राम तथा प्लेसमेंट सेल के डॉ. मनोज कुमार सिंह ने इंटेंट लेटर प्रदान किए। चयनित युवाओं को नि:शुल्क प्री-जॉइनिंग ट्रेनिंग उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, नौकरी ज्वाइन करने की प्रक्रिया में आंशिक वित्तीय सहायता भी दी जाएगी, ताकि सभी चयनित उम्मीदवार बिना किसी बाधा के अपना रोजगार प्रारंभ कर सकें।
संस्था के कौशल प्रबंधक रजनी रंजन ने कहा कि हम भविष्य में भी कॉलेज के साथ सहयोग जारी रखेंगे। हमारा लक्ष्य प्लेसमेंट सेल को और सशक्त बनाना है, ताकि संस्थान आने वाले समय में स्वयं इस प्रकार के प्लेसमेंट ड्राइव को आत्मनिर्भर रूप से संचालित कर सके।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्लेसमेंट ऑफिसर कोमल रानी, केंद्र प्रबंधक कुमार प्रिंस गौरव, अभिषेक कुमार, सत्यदेव, तथा प्रशिक्षक मो. आफताब, सुजीत कुमार, सोनल प्रिया, अनीश आलम, कार्तिक, सरफराज, कल्याण सिंह, शिखा, उजाला कुमारी एवं शानू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।