
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। शनिवार को जिले के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र में सरायरंजन स्थित केएसआर काॅलेज से करीब 500 मीटर की दूरी पर एक गड्ढे में वीवीपैट की पर्चियां फेकी पाये जाने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते-देखते यह खबर जंगल के आग की तरह चारो ओर फैल गई और सैकडों लोगों की भीड जुट गई। लोग तरह-तरह की बात बनाने लगे।
मामले की जानकारी होते ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा एवं पुलिस कप्तान अरविंद प्रताप सिंह सरायरंजन चिन्हित स्थल पर पहुंचे और मामले की पडताल की।
बाद में मौजूद संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कमिश्निंग सेंटर सह डिस्पैच सेंटर के निकट वीवीपैट की श्रेडेड पर्चियां फेकी हुई पायी गई हैं। उनमें कुछ अनश्रेडेड पर्चियां भी पायी गई हैं। जिन्हें विधिवत जब्त कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि यह पूरी तरह लापरवाही और बिलकुल गैरजिम्मेदाराना हरकत का मामला है। इसे गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाये जायेंगे उनके विरूद्ध कडी कार्रवाई की जाएगी। श्री कुशवाहा ने कहा कि इन पर्चियों को लेकर किसी प्रकार की शंका करने की या अफवाह को हवा देते की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि इन पर्चियों से मतदान की सुचिता पर कोई असर नहीं पडने वाला, प्रत्येक मतदाता का वोट सुरक्षित है। भारी मात्रा में पर्चियों के होने की बात पर उन्होंने बताया कि प्रत्येक कमिशनिंग सेंटर पर 5 प्रतिशत ईवीएम से करीब 1000 माॅक पोल किए जाते हैं। ये वही पर्चियां हो सकती हैं।
मौके पर प्रखण्ड निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न पदाधिकारियों के अलावा जनसुराज प्रत्याशी सजन कुमार मिश्रा, राजद प्रत्याशी अरविंद कुमार, निर्दलीय प्रत्याशी कुणाल कुमार सहित सैकडों लोग मौजूद थे।