
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के प्रथम चरण के अंतर्गत कल 6 नवम्बर को होने वाले मतदान के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के नेतृत्व मेंआज समस्तीपुर जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान दलों को जिले के पांच डिस्पैच सेंटरों से ईवीएम (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) का वितरण कार्य शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो गया।
इस दौरानसर्वप्रथम अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रेक्षकों की उपस्थिति में निर्वाची पदाधिकारी द्वारा स्ट्रांग रूम खोले गए तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत ईवीएम एवं वीवीपैट का वितरण किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि ईवीएम वितरण (Dispersal) का कार्य मतदान की तिथि से एक दिन पूर्व किया जाता है। इसके लिए अभ्यर्थियों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं को पूर्व में ही लिखित सूचना प्रदान की जाती है, ताकि वे वितरण प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकें। वितरण के दौरान मतदान दलों को रैण्डमाइजेशन प्रणाली के माध्यम से टैग किए गए मतदान केन्द्रों की मशीनें ही उपलब्ध कराई जाती हैं।
मतदान दलों द्वारा ईवीएम एवं वीवीपैट प्राप्त करने के समय BU, CU एवं VVPAT की विस्तृत जांच-पड़ताल कर यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक मशीन उनके आवंटित मतदान केन्द्र से संबंधित है। आवश्यकतानुसार सेक्टर पदाधिकारियों को रिप्लेसमेंट हेतु अतिरिक्त मशीनें भी उपलब्ध कराई गईं।
डीएम कुशवाहा ने बताया कि आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रेक्षकों द्वारा की गई। इस संबंध में विस्तृत निर्देश आयोग के Manual on Electronic Voting Machine में उल्लिखित हैं, जो आयोग की वेबसाइट https://www.eci.gov.in/evm-vvpat पर उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने मतदान दलों एवं सेक्टर अधिकारियों द्वारा ईवीएम एवं वीवीपैट ले जाने वाले सभी वाहनों में GPS उपकरण एवं e-Traces मोबाइल ऐप के माध्यम से रीयल टाइम मूवमेंट ट्रैकिंग की व्यवस्था की है, ताकि प्रत्येक वाहन की स्थिति लगातार मॉनिटर की जा सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान के उपरांत मतदान में उपयोग की गई मशीनों को Polled EVM Strong Room में सुरक्षित भंडारित किया जाएगा। वहीं जो मशीनें खराब पाई जाएंगी, उन्हें अलग से चिन्हित वेयरहाउस में सुरक्षित रखा जाएगा।
समस्तीपुर प्रशासन के कुशल प्रबंधन और समन्वित व्यवस्था के कारण ईवीएम वितरण का कार्य पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और त्रुटिरहित रहा। इससे आगामी मतदान के लिए जिले में पूर्णतः सुव्यवस्थित वातावरण तैयार है।