
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन हर स्तर पर सतर्क और प्रतिबद्ध है। सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर एक शांतिपूर्ण, पारदर्शी और भयमुक्त मतदान वातावरण तैयार किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने पुलिस अधीक्षक के पत्रांक 351., दिनांक 25.10.2025 के आलोक में आदेश जारी करते हुए गंगा एवं गंडक नदी क्षेत्र में 4 मोटरबोट सहित एसडीआरएफ टीम की जलगश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
टीम को चुनाव अवधि के दौरान नदी मार्गों पर गश्ती करते हुए असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का दायित्व सौंपा गया है।
इसके साथ ही, वरीय पदाधिकारी (वाहन कोषांग)-सह-अपर समाहर्ता समस्तीपुर को निर्देशित किया गया है कि एसडीआरएफ टीम के उपयोग हेतु दो मालवाहक वाहन (पिकअप) तथा दो सवारी गाड़ियाँ (बोलोरो/स्कॉर्पियो) उपलब्ध कराई जाएं।
आदेश में यह भी कहा गया है कि मोटरबोट संचालन हेतु आवश्यक ईंधन (फ्यूल) भी अपने स्तर से उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की व्यवधान न उत्पन्न हो। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि एसडीआरएफ टीम की तैनाती से न केवल जलमार्गों की निगरानी मजबूत होगी, बल्कि निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्णतः भयमुक्त वातावरण में स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में भी सहायता मिलेगी।