
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क मुंगेर। मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर के कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय को मिथिला विभूति सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार आगामी 3 नवंबर से 5 नवंबर 2025 तक विद्यापति सेवा संस्थान, दरभंगा के 53वें वार्षिक सम्मेलन के अवसर पर एमएलएसएम कॉलेज, दरभंगा परिसर में तीन दिवसीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
इसी समारोह में, मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर के कुलसचिव डॉ राय को “मिथिला विभूति सम्मान ” से अलंकृत किया जाएगा।
डॉ. राय मिथिला की राजधानी के रूप में प्रतिष्ठित दरभंगा जिले के बहेड़ी गाँव के मूल निवासी हैं। वे ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के विश्वविद्यालय राजनीति विज्ञान विभाग में ‘एसोसिएट प्रोफेसर’ के पद पर कार्यरत हैं।
शैक्षणिक और प्रशासनिक जगत में गहरी पैठ रखने वाले दस राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त डॉ. राय की चार पुस्तकें और लगभग तीन दर्जन आलेख प्रकाशित हो चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में सात शोधकर्ताओं ने पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है।
उन्होंने सौ से अधिक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार, सम्मेलन, संगोष्ठी, कार्यशालाएं और वेबिनार आयोजित किए हैं। उन्होंने पहले नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी और पूर्णियाँ विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार के पद पर योगदान देते हुए अपने प्रशासनिक कौशल से अमिट छाप छोड़ी है।
इसके अलावा उन्होंने जीएमआरडी कॉलेज, मोहनपुर और यूआर कॉलेज, रोसड़ा, समस्तीपुर में प्रभारी प्रधानाचार्य के रूप में भी अपने सकारात्मक सोच के कारण छात्र–छात्राओं के बीच खासी लोकप्रिय रहे है।
इसके अलावा उन्होंने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में संपर्क अधिकारी और कॉलेज निरीक्षक की जिम्मेदारी का भी कुशलता पूर्वक निर्वहन किया है।
मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार ने डॉ राय को मिथिला विभूति सम्मान से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई देते हुए 03 नवंबर को उन्हें कर्तव्यावकाश की मंजूरी दे दी है।
मुंगेर विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रोफेसर महेश्वर मिश्रा, पूर्व डीएसडब्ल्यू प्रोफेसर देवराज सुमन, डीन प्रोफेसर जयंत कुमार, सहित अन्य अधिकारियों व विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने बधाई देते हुए कहा है कि मिथिला के सपूत डॉ राय ने राज्य और देश भर में शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर जो प्रतिष्ठा अर्जित की है, उसे देखते हुए वे वास्तव में मिथिला विभूति पुरस्कार 2025 के हकदार हैं।
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मुनेश्वर यादव, संकाय सदस्य डॉ. मुकुल बिहारी वर्मा, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. रघुवीर रंजन, डॉ. नीतू कुमारी, शोधार्थी सिद्धार्थ, केशव, सन्नी, संतोष, संदीप, रंजीत, स्वेता, दीपिका, निराला आदि ने अपने वरिष्ठ संकाय और गाइड डॉ. राय को बधाई दी। मिथिला के तमाम शिक्षाविद और न्यायप्रिय जनता डाॅ राय को सम्मान दिए जाने से खुश हैं।
उल्लेखनीय है कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सम्मान समारोह 3 नवंबर को दोपहर 2 बजे एमएलएसएम कॉलेज, स्टेशन रोड, दरभंगा में आयोजित किया जाएगा।
डॉ. राय ने सभी आयोजकों और विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव परम सम्मानित प्रोफेसर (डॉ.) बेधनाथ चौधरी, जिन्हें बैजू बाबू के नाम से भी जाना जाता है, के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि समाज के वंचित वर्ग के एक शिक्षाविद् और प्रशासक को मिथिला विभूति सम्मान से सम्मानित करने का उनका निर्णय निस्संदेह माननीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के सपने को पूरा करेगा।