
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क दलसिंहसराय । लोकतंत्र के महापर्व बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 को लेकर समस्तीपुर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान जोरों पर है।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देशानुसार स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर्स एजुकेशन एण्ड इलेक्ट्रोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के तहत रविवार को दलसिंहसराय प्रखंड में जीविका दीदियों द्वारा एक भव्य मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली में सैकड़ों जीविका समूह की महिलाएँ शामिल हुईं, जिन्होंने पूरे जोश और उत्साह के साथ मतदान के महत्व का संदेश दिया। दीदियों ने हाथों में बैनर और तख्तियाँ लेकर “लोकतंत्र की है पहचान, हर नर-नारी करे मतदान!” “चाहे नर हो या नारी, मतदान है सबकी जिम्मेदारी!” “पहले मतदान, फिर जलपान कृ यही हमारा अभियान आदि नारे लगाये।
रैली प्रखंड मुख्यालय से शुरू होकर विभिन्न पंचायतों से गुजरी, जहाँ दीदियों ने आम नागरिकों से 06 नवंबर को होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस दौरान जीविका परियोजना की पदाधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहीं।
स्वीप अभियान के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि “महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से मतदाता जागरूकता अभियान को नई ऊर्जा मिली है। जीविका दीदियाँ गाँव-गाँव जाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित कर रही हैं।”
कार्यक्रम के अंत में सभी दीदियों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगी और अपने आस-पास के हर व्यक्ति को मतदान के लिए प्रेरित करेंगी, ताकि इस बार जिले में शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य पूरा हो सके।