
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क बिथान। दीपावली व छठ जैसे पावन पर्व के ठीक पहले बिथान बाजार में मिठाइयों की दुकानों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली और सड़ी-गली मिठाइयों के विक्रेताओं के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया।
अंचलाधिकारी रूबी कुमारी और बिथान अवर थानाध्यक्ष खुशबू कुमारी के संयुक्त नेतृत्व में शनिवार की देर संध्या बिथान बाजार स्थित कई मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में खुले बर्तन में रखी मिठाइयां, जिन पर मक्खियों का मरा झुंड पडा था, पाई गईं।
वहीं कुछ दुकानों में महीनों पुरानी, बदबूदार मिठाइयां और नकली पनीर भी बरामद किए गए। कई जगह एक्सपायरी डेट के बिना बिक रही डिब्बा बंद मिठाइयां और नकली टमाटर सॉस भी जब्त किए गये।
छापेमारी में बिथान बाजार की प्रसिद्ध मिठाई दुकानों कृ नवीन स्वीट्स तथा मनोज स्वीट्स (पिता चमरु साहू) पर भी प्रशासन का डंडा चला। जांच के दौरान दोनों दुकानों से नकली पनीर, सड़ी मिठाइयां, और खुले में रखे खाद्य पदार्थ मिले, जिनमें गंदगी और मखियाँ पाई गईं। दुकानों के अंदर स्वच्छता का घोर अभाव देखने को मिला। अंचलाधिकारी रूबी कुमारी ने बताया कि दीपावली के अवसर पर नकली और मिलावटी मिठाइयों की बिक्री तेजी से बढ़ी है। ग्रामीणों की शिकायत थी कि कुछ दुकानदार स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करते हुए नकली पनीर और मिठाइयों की बिक्री कर रहे हैं।
इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि “दोनों दुकानों से मिठाई और पनीर के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
छापेमारी की खबर फैलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया, कई दुकानदार तो जांच से पहले ही शटर गिराकर फरार हो गए। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई की जमकर सराहना की और कहा कि इससे बाजार में मिलावटखोरी पर रोक लगेगी और आम लोगों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा।
प्रशासनिक टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अगर किसी दुकान में नकली मिठाई या मिलावटी खाद्य सामग्री पाई गई, तो संबंधित दुकानदार को जेल भेजा जाएगा। मौके पर बिथान थाना की अवर थानाध्यक्ष खुशबू कुमारी, एएसआई मुकेश कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहे।