—

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनजर मतदाता जागरूकता अभियान स्वीप के तहत शनिवार को समस्तीपुर समाहरणालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शैलजा पांडेय के नेतृत्व में पूरे समाहरणालय परिसर एवं गांधी प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया और सबसे पहले समस्त जिला वासियों को धनतेरस की शुभकामनाएँ दी गईं।
इस क्रम में डीडीसी श्रीमति पाण्डेय ने कहा, कि जिस प्रकार दीप अंधकार को दूर भगाकर प्रकाश फैलाता है, ठीक उसी प्रकार हमारा एक वोट हमें हमारी महत्ता और लोकतांत्रिक अधिकार की याद दिलाता है। हर मतदाता का योगदान लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।”
इस अवसर पर कार्यक्रम में आईसीडीएस की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुनीता कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, दिव्यांगजन पदाधिकारी सोनाली, और उपस्थित समाहरणालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीयों ने भी मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में दीप जलाने के साथ मतदान के महत्व, अपनी जिम्मेदारी और सही समय पर मतदान करने के संदेश दिए।
प्रशासन ने बताया कि यह अभियान पूरे जिले में चलाया जा रहा है, जिससे हर नागरिक अपने मत के महत्व को समझे और आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय रूप से भाग ले।इस पहल से यह संदेश गया कि लोकतंत्र का प्रकाश हर नागरिक के मत से जगमगाता है, और दीप के माध्यम से जागरूकता अभियान ने प्रतीकात्मक रूप में भी लोगों को लोकतंत्र के प्रति संवेदनशील बनाया।