
मतदान दल प्रशिक्षण का जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। चुनाव एक संवैधानिक जिम्मेदारी और कर्तव्य दोनों है। ऐसे में लापरवाही या नाफरमानी कतई बर्दाश्त नहीं की जा सकती। दोषी कर्मियों को बर्खास्त भी किया जा सकता है।
आसन्न बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के लिए मतदान दल के प्रशिक्षण कार्यक्रम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रौशन कुशवाहा ने उक्त बातें कही।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में किसी भी मतदान दलकर्मी की अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसको लेकर उन्होंने अधिकारियों को उपस्थिति की सख्ती से निगरानी करने और भविष्य में किसी भी नाफरमानी की स्थिति में संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिसमें बर्खास्तगी भी शामिल है।
बताते चलें कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने प्रथम रेंडमाइजेशन के बाद चल रहे प्रशिक्षण केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संत कबीर महाविद्यालय प्रशिक्षण केंद्र में 35 और होली मिशन हाई स्कूल में 56 मतदान दलकर्मी अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर मामला मानते हुए जिला पदाधिकारी ने तत्काल FIR दर्ज करने के आदेश दिए।